विवेक तिवारी केस: आरोपी प्रशांत के समर्थन में 3 दिन की छुट्टी पर जाने की चल रही है 'गुप्त' प्लानिंग
लखनऊ। एप्पल के एरिया सेल्स मैनेजर विवेक तिवारी की हत्या करने वाले आरोपी प्रशांत चौधरी और संदीप कुमार के बचाव में यूपी के पुलिस वेलफेयर एसोसिएशन के लोग समर्थन में उतर आए हैं। आरोपी प्रशांत को बेकसूर बताते हुए पुलिस ने कल काला दिवस मनाने की घोषणा की है। सोशल मीडिया के जरिए पुलिस ने प्रदेश के सिपाहियों को मैसेज भेजकर काली पट्टी बांधकर ड्यूटी करने को कहा गया है। बता दें कि आरोपी सिपाही प्रशांत चौधरी के समर्थन में कुछ सिपाही लगातार सोशल मीडिया पर अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही पुलिस सिपाही प्रशांत के समर्थन में तीन दिन की छुट्टी पर जाने की प्लानिंग कर रहे हैं। डीएम को दिए जाने वाले प्रस्ताव में सिपाहियों के खिलाफ कार्रवाई के विरोध में एक जनवरी से तीन दिन की छुट्टी पर होने की बात रखी है।

परिषद के महामंत्री व कानपुर पीएसी में तैनात सिपाही अविनाश पाठक ने बताया कि, काला दिवस को अराजपत्रित पुलिस वेलफेयर एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के रक्षक कल्याण ट्रस्ट के राष्ट्रीय प्रवक्ता शिवा यादव ने भी समर्थन दिया है। पुलिस 'खाकी के सम्मान में, उत्तर प्रदेश पुलिस मैदान में' स्लोगन बनाकर इसका प्रचार कर रही है। पाठक ने बताया कि छह अक्तूबर को इलाहाबाद में बैठक है। इसमें विवेक हत्याकांड में सिपाहियों पर एकतरफा कार्रवाई का सांकेतिक विरोध होगा। पाठक ने कहा कि बैठक के दौरान में इस हत्याकांड, पुलिसकर्मियों की आत्महत्याएं व अन्य समस्याओं पर वहां के डीएम को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इस बैठक में अलग-अलग जनपदों से 300 सिपाहियों के आने की संभावना बताई जा रही है।
वहीं विवेक की पत्नी कल्पना तिवारी का कहना है कि आरोपी को समर्थन देने से पहले सिपाहियों को दिल पर हाथ रख सोचना चाहिए कि पीड़ित कौन है। ये अन्याय किसके साथ हुआ है और बेसहारा कौन है। गौरतलब है कि आरोपी सिपाही के समर्थन में सोशल मीडिया पर भी कैंपेन चलाया जा रहा है। इस हत्याकांड के मामले में पुलिस विभाग पर उठ रहे सवालों की वजह से पुलिस प्रशासन काफी तंग आ चुका है।
ये भी पढ़ें- नवरात्रि 2018 : मैहर में शारदा माता के दर्शन के लिए रेलवे ने दी खास सुविधा, ठहरेगीं 16 ट्रेनें












Click it and Unblock the Notifications