Video: इमरजेंसी वार्ड में कुत्तों की मौज, मरीजों को मिलने वाला दूध पीकर हट्टे-कट्टे हो रहे 'टॉमी' और 'मोती'
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में स्वास्थ्य सेवाओं की पोल खोलता हुआ एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक आवारा कुत्ता मरीजों को मिलने वाला दूध और खाना बड़े ही चाव से खाता दिख रहा है। हैरानी की बात तो ये है कि कुत्ता इमरजेंसी वार्ड के अंदर रखी मरीज की टेबल से दूध पीकर मौज ले रहा है और अस्पताल का स्टाफ मौके से नदारद है।
दरअसल, पूरा मामला मुरादाबाद जनपद के जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड का है। यहां से वायरल हुए इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जिस टेबल पर रखा दूध कुत्ता पी रहा है, उसी के बगल में मरीज भी लेटा हुआ है। वहीं इस दौरान कोई भी स्वास्थ्य कर्मचारी मौके पर मौजूद नहीं है, जो कुत्ते को आने से रोक सके या कम से कम वहां से भगा सके।

उधर, यह सब होता देख मुरादाबाद के इमरजेंसी वार्ड में मौजूद किसी ने इस घटना को अपने कैमरे में कैद कर लिया और वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद मुरादाबाद की स्वास्थ्य सेवाओं पर कई सवाल खड़ा हो गए हैं। सोशल मीडिया पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। हालांकि वीडियो वायरल होने के बाद सीएमओ मुरादाबाद ने जिला अस्पताल की प्रमुख अधीक्षिका को इस मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।












Click it and Unblock the Notifications