Uttar Pradesh Weather: यूपी में 60-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, जानें किन जिलों पर पड़ेगा असर
Uttar Pradesh Weather: उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ली है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होते ही राज्य के कई जिलों में तेज हवाओं और बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। इसके चलते शुक्रवार को ब्रज क्षेत्र में अलग-अलग हादसों में चार लोगों की जान चली गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी हालात और बिगड़ने की चेतावनी जारी की है।
राजधानी लखनऊ समेत तराई और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में शनिवार से गरज-चमक के साथ बारिश तेज होने के आसार हैं। बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी और पश्चिमी हवाओं के टकराव के चलते पूरे प्रदेश में बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं ओले भी गिर सकते हैं। मौसम विभाग ने 33 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

इस बेमौसम बारिश और आंधी का सबसे ज्यादा असर एटा, फिरोजाबाद और मथुरा समेत पश्चिमी यूपी के जिलों में देखने को मिला है। बिजली गिरने और आंधी-तूफान के कारण पेड़ गिर गए, कच्चे मकान ढह गए और कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। लोगों को आवाजाही में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है।
बारिश और बिजली गिरने से चार की मौत
ब्रज क्षेत्र में शुक्रवार का दिन कहर बनकर टूटा। एटा में 16 साल की दीक्षा की बिजली गिरने से मौत हो गई। फिरोजाबाद में मनरेगा में खुदाई कर रहे विष्णु (35) और सत्येंद्र सैलानी (36) की जान चली गई, जबकि देवेंद्र (32) गंभीर रूप से झुलस गए। वहीं, कासगंज के पवरई गांव में जयदयाल (47) भी बिजली गिरने का शिकार बने।
मौसम के इस कहर से मथुरा, आगरा, गाजियाबाद, हापुड़ और बुलंदशहर में भी जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। अलीगढ़ के गंगीरी में बिजली गिरने से दो लोग झुलस गए। नगला जाट गांव में आंधी के चलते एक मकान की छत गिर गई। दिल्ली से सटे इलाकों में भी पेड़ गिरने और जलभराव से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि शनिवार से प्रदेश में बारिश का दायरा और तेज होगा। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और पश्चिमी विक्षोभ के कारण यूपी के दोनों हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। बुंदेलखंड और तराई क्षेत्र में भी तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।
58 जिलों में वज्रपात और ओलावृष्टि की चेतावनी
कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर और लखनऊ समेत 58 जिलों में गरज-चमक के साथ वज्रपात और हल्की बूंदाबांदी का अलर्ट जारी किया गया है। कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है, जिससे फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे फसलों की सुरक्षा के लिए एहतियात बरतें।
इन जिलों में तेज आंधी का अलर्ट
बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, जालौन, झांसी, ललितपुर और आसपास के जिलों में 60-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। इन इलाकों में लोगों को घरों में रहने और बिना जरूरत बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।
बारिश और आंधी के चलते कई इलाकों में बिजली गुल रही और जलभराव के कारण रास्ते भी बाधित हुए हैं। दिल्ली से सटे नोएडा, गाजियाबाद और मेरठ में भी तेज हवाओं और बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। प्रशासन ने आपातकालीन सेवाओं को अलर्ट पर रखा है।












Click it and Unblock the Notifications