Ragini Sonkar: 'जबरदस्ती के जय श्री राम में...', कौन हैं रागिनी सोनकर, जिनका वीडियो हो रहा वायरल
उत्तर प्रदेश में अभी विधानसभा सत्र चल रहा है। विधानसभा सत्र के दौरान मछलीशहर सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) की विधायक डॉ रागिनी सोनकर ने 'राम' पर एक कविता पढ़ी। उनका यह भाषण और उनके द्वारा पढ़ी गई कविता के वीडियो क्लिप्स सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं।
कविता के बोल हैं 'राम-राम के जाम में तेरे, पहले सा आराम नहीं' जिसे लिखा है 'साइको शायर' पेन नेम वाले कवि अभिजीत बालकृष्ण मुंडे ने। बीते साल दिसंबर के दौरान ये कविता चर्चाओं में आई थी। अब, सपा विधायक डॉ रागिनी द्वारा इसके विधानसभा में पाठ के बाद एक बार फिर ये कविता सोशल मीडिया पर छा गई है।

रागिनी ने विधानसभा में अपने भाषण के दौरान इस कविता के कुछ लाइन्स को बोलते हुए कहा, "राम-राम के जाप में तेरे, पहले सा आराम नहीं, जबरदस्ती के जय श्री राम में सब कुछ है बस राम नहीं।" इसके बाद रागिनी ने सपा द्वारा किये गए सभी विकास कार्यों की मौखिक सूची सदन के सामने रखी।
"राम-राम के जाप में तेरे, पहले सा आराम नहीं, जबरदस्ती के जय श्री राम में सब कुछ है बस राम नहीं"- Powerful speech by @sonker_ragini
— Rohini Singh (@rohini_sgh) February 9, 2024
कौन हैं डॉ रागिनी सोनकर?
डॉ रागिनी सोनकर मछलीशहर से सपा की विधायक हैं। 2022 विधानसभा चुनाव के दौरान सपा ने विधायक जगदीश सोनकर का टिकट काटकर मछलीशहर से रागिनी को प्रत्याशी बनाया था। पार्टी की उम्मीदों पर खरी उतरते हुए रागिनी ने जीत हासिल की।
पॉलिटिक्स में कदम रखने से पहले रागिनी एक डॉक्टर के रूप में अपना करियर बना चुकी थी। वो अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), दिल्ली में प्रैक्टिस कर रही थी। अपनी नौकरी से इस्तीफा देने के बाद उन्होंने समाजवादी पार्टी ज्वाइन करते हुए अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत की।
डॉ रागिनी सोनकर, यूपी की अजगरा सीट से विधायक सपा नेता कैलाश सोनकर की बेटी हैं। उन्होंने अपनी एमबीबीएस की पढ़ाई कोलकाता से की है, जहां उन्होंने कुछ समय तक फिजिशियन के तौर पर प्रैक्टिस भी किया।
2022 के विधानसभा चुनाव में जब रागिनी मछलीशहर से सपा की उम्मीदवार थी तब उनका मुकाबला बीजेपी के मेहीलाल गौतम से था। रागिनी ने जीत दर्ज करते हुए मछलीशहर के विधायक पद की कुर्सी पाई थी। वो अक्सर विधानसभा में अपने क्षेत्र के मुद्दे मजबूती से उठाती रहती हैं।












Click it and Unblock the Notifications