प्री-वेडिंग पार्टी में बाप-बेटे ने काटा बवाल, 5 स्टार होटल की छत से युवक को फेंका, वायरल हुआ CCTV फुटेज
उत्तर प्रदेश के बरेली में एक व्यवसायी के बेटे को एक फाइव स्टार होटल की छत से फेंक दिया गया। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसके पूरे शरीर के साथ मुंह व सीने पर गंभीर चोटें हैं। सोशल मीडिया पर इस घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज वायरल है।
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक रविवार को एक फाइव स्टार होटल में प्री वेडिंग समारोह का आयोजन था। इस दौरान सार्थक अग्रवाल और उसके दोस्त रिद्दिम अरोड़ा के बीच विवाद शुरू हो गया। उसके बाद मामला ने तूल ले लिया, जहां पर रिदिम ने अपने पिता के साथ मिलकर सार्थक को होटल की छत से फेंक दिया।

सार्थक को गंभीर हालत में पीड़ित को मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद पुलिस थाना इज्जतनगर क्षेत्र में दोनों आरोपियों पर मारपीट और जानलेवा हमले का केस दर्ज किया गया है। इज्जतनगर थाने के इंस्पेक्टर जय शंकर सिंह ने बताया कि मामले में मारपीट, जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया गया है।
मारपीट का वीडियो होटल के एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। दो मिनट 12 सेकेंड की सामने आई फुटेज में आरोपित सार्थक की पिटाई करते दिखते हैं। वह माफी भी मांग रहा है। बावजूद आरोपित उसे खींचते हुए ले जाते हैं और नीचे फेंक देते हैं। दोस्त बचाव करने आगे आता है तो उसे भी नीचे फेंकने का दुस्साहस किया जाता है।
सार्थक के पिता संजय अग्रवाल ने कहा, "आप सीसीटीवी फुटेज में देख सकते हैं कि मेरे बेटे और उसके दोस्त के बीच बहस हो रही थी। मेरे बेटे ने अपने दोस्त के पिता के पैर छूकर माफी मांगी। लेकिन दूसरा आदमी बहुत उत्तेजित हो गया और उसने मेरे बेटे को रेलिंग पर खींच लिया और 25 फीट की ऊंचाई से धक्का दे दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। वहां कोई सुरक्षाकर्मी नहीं था।"
संजीव अरोड़ा और उनके बेटे के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 307 के तहत मामला दर्ज किया गया है, जो हत्या के प्रयास से संबंधित है। अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है और जांच जारी है। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद से आरोपित फरार हैं। उनके फोन नंबर सर्विलांस पर लगाकर लोकेशन की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने बताया कि घटना के वक्त आरोपी पिता-पुत्र नशे में थे। पुलिस के अनुसार जहां पीड़ित के पिता संजय अग्रवाल का केमिकल व्यवसाय है, वहीं आरोपी संजीव अरोड़ा जनकपुरी में एक कपड़ा व्यवसायी हैं।












Click it and Unblock the Notifications