UPTET 2021 Cancelled: पेपर लीक होने पर विपक्ष ने योगी सरकार पर कसा तंज, कहा- भाजपा सरकार की बन चुकी है पहचान
लखनऊ, 28 नवंबर: प्रदेश के 4308 केंद्रों पर आज (28 नवंबर) आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा 2021 को रद्द कर दिया गया है। परीक्षा को रद्द करने के पीछे पेपर व्हाट्सएप ग्रुप लीक होना बताया गया था, जिसके बाद यह फैसला लिया गया। तो वहीं, एडीजी (कानून व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने बताया कि इस मामले में यूपी एसटीएफ ने अभी तक 23 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए अभियुक्तों के पास से परीक्षा पत्र की फोटोकॉपी मिली है। तो वहीं, अब पेपर लीक होने पर विपक्ष ने योगी आदित्यनाथ सरकार पर तंज कसा है।
Recommended Video

कांग्रेस महासचिव व यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी ने यूपी टीईटी परीक्षा रद्द होने पर योगी सरकार पर तंज कसाते हुए वीडियो शेयर किया है। प्रियंका गांधी ने कहा,
भर्तियों में भ्रष्टाचार, पेपर आउट ही भाजपा सरकार की पहचान बन चुका है। आज यूपी टेट का पेपर आउट होने की वजह से लाखों युवाओं की मेहनत पर पानी फिर गया। हर बार पेपर आउट होने पर @myogiadityanath जी की सरकार ने भ्रष्टाचार में शामिल बड़ी मछलियों को बचाया है, इसलिए भ्रष्टाचार चरम पर है।
पूर्व सीएम व सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा,
UPTET 2021 की परीक्षा का पेपर लीक होने की वजह से रद्द होना बीसों लाख बेरोज़गार अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। भाजपा सरकार में पेपर लीक होना, परीक्षा व परिणाम रद्द होना आम बात है। उप्र शैक्षिक भ्रष्टाचार के चरम पर है। बेरोज़गारों का इंक़लाब होगा ~ बाइस में बदलाव होगा!
यूपी टीईटी का पेपर लीक होने पर राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने भी तंज कसा है। जयंत चौधरी ने कहा,
आज होने वाली UP TET की परीक्षा रद्द कर दी गई है। महनत करने वाले लाखों परीक्षार्थी के साथ ये भद्दा मज़ाक़ है! उत्तर प्रदेश के युवा इस पेपर लीक सरकार से तंग आ चुके हैं!!
यूपी प्रभारी व आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने यूपी टीईटी परीक्षा का पेपर लीक होने पर तीखा तंज कसा है। संजय सिंह ने ट्वीट करते हुए लिखा,
उत्तर प्रदेश के नौजवानों देखो आपके भविष्य के साथ कैसे खिलवाड़ किया जा रहा है। आदित्यनाथ जी जिन्ना का पेपर 'हल' करने में व्यस्त हैं,इस बीच लाखों छात्रों के रोज़गार से जुड़ी TET की परीक्षा का पेपर लीक हो गया।
एडीजी (कानून व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने यूपी टीईटी का पेपर लीक होने के मामले में जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश के अलग-अलग इलाकों से हमने अब तक 23 लोगों को गिरफ़्तार किया है। इनके पास से परीक्षा पत्र की फोटोकॉपी मिली है। जो लोग पकड़े गए हैं उसमें कुछ लोग बिहार से हैं। बताया कि परीक्षा को एक महीने के अंदर फिर से कराया जाएगा। परीक्षार्थियों से परिवहन में कोई पैसे नहीं लिए जाएंगे। अभ्यर्थी एडमिट कार्ड दिखाकर परीक्षा केंद्र तक पहुंच सकते हैं उनसे पैसे नहीं लिए जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications