UP Board: यूपी बोर्ड ने 9वीं से 12वीं का बदला सिलेबस, पढ़ाई जाएगी भगत सिंह, सावरकर समेत 50 महापुरुषों की गाथा
UPMSP UP Board Syllabus: उत्तर प्रदेश शिक्षा बोर्ड ने 9वीं से 12वीं कक्षा की किताबों में 50 महान हस्तियों की जीवनी (बॉयोग्राफी) को शामिल किया है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से यूपी बोर्ड के 9वीं से 12वीं तक के छात्रों को अब भगत सिंह से लेकर विनायक दामोदर सावरकर समेत 50 महापुरुषों की जीवनी पढ़ाई जाएगी।
सबसे जरूरी बात ये है कि छात्रों को ये विषय सिर्फ पढ़ने ही नहीं हैं बल्कि उनमें पास होना भी अनिवार्य किया गया है। यूपी बोर्ड की ओर से नैतिक शिक्षा विषय में इन 50 महापुरुषों के नामों को शामिल किया गया है। 9वीं से 12वीं तक छात्र इन महापुरुषों की जीवन गाथा इसी सेशन जुलाई-2023 से स्कूल खुलने के बाद पढ़ सकेंगे।

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक यूपी बोर्ड में शामिल किए गए 50 नई हस्तियों में महात्मा गांधी, विनायक दामोदर सावरकर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, पंडित मदन मोहन मालवीय, राजा राम मोहन रॉय, सरोजिनी नायडू, भगत सिंह, गौतम बुद्ध, महावीर जैन और स्वामी विवेकानंद, बेगम हजरत महल, महर्षि पतंजलि, शल्य चिकित्सक सुश्रुत, स्वामी रामकृष्ण परमहंस, ईश्वरचंद्र विद्यासागर, महामना समेत अन्य शामिल हैं।
उत्तर प्रदेश की शिक्षा मंत्री गुलाब देवी ने कहा कि ये बदलाव बच्चों के नैतिक और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए किया गया है। यही बच्चे बड़े होकर राष्ट्र निर्माण में भाग लेते हैं। हालांकि, अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली समाजवादी पार्टी (सपा) ने इस कदम की आलोचना की और सरकार से विनायक दामोदर सावरकर को शामिल करने पर पुनर्विचार करने को कहा।
समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता सुनील साजन ने कहा कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार को लाखों स्वतंत्रता सेनानियों से विनायक दामोदर सावरकर की प्रशंसा करने के लिए माफी मांगनी चाहिए, जिन्होंने ब्रिटिश शासकों से माफी मांगकर उनकी भावनाओं के साथ विश्वासघात किया था।
इससे पहले समाचार एजेंसी पीटीआई ने जानकारी दी थी कि उत्तर प्रदेश के स्कूल इस सेशनल से संशोधित एनसीईआरटी पाठ्यपुस्तकों को अपनाएंगे। अपर मुख्य सचिव (बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा) दीपक कुमार ने इसकी पुष्टि की थी। पीटीआई-भाषा के मुताबिक दीपक कुमार ने कहा था, ''हम एनसीईआरटी की किताबों का पालन करते हैं और संशोधित संस्करण में जो भी उपलब्ध है, हम 2023-24 सत्र से राज्य के स्कूलों में इसको पढ़ाएंगे।''












Click it and Unblock the Notifications