UP को टूरिज्म फ्रेंडली बनाने की कवायद में जुटी योगी सरकार, चित्रकूट के लिए हुआ अब ये बड़ा ऐलान
लखनऊ, 07 अगस्त: उत्तर प्रदेश सरकार काशी- मथुरा और अयोध्या की ब्रांडिंग करने में जुटी हुई है। इसी तर्ज पर जहां अब नैमिषारण्य को पर्यटन के मानचित्र पर लाने की कवायद हो रही है वहीं दूसरी ओर अब परिवहन विभाग ने पर्यटकों को देखते हुए एक अहम फैसला लिया है। यूपी के कई धार्मिक स्थलों से UPSRTC की बसें पहले ही चल रही हैं लेकिन उन जगहों पर जहां अब तक यह सुविधा नहीं थी अब नई बसों का संचालन किया जाएगा। इसको लेकर यूपी सरकार की तरफ से फरमान जारी कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने चित्रकूट और प्रयागराज के रास्ते बांदा और अयोध्या के बीच एसी जनरथ बस सेवा शुरू की। परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने कहा, बुंदेलखंड के लोगों को अब एसी बस सेवा की सुविधा मिलेगी। अभी तक रूट पर कोई बस सेवा उपलब्ध नहीं थी।
चित्रकूट और अयोध्या के लिए शुरू हुई बसें
मंत्री ने कहा, "इससे प्रयागराज और अयोध्या से चित्रकूट धाम आने वाले भक्तों के लिए और इसके विपरीत भी बहुत आसान हो जाएगा।" राज्य सरकार की पहल के तहत चित्रकूट और अयोध्या के बीच बस सेवा प्रदान की गई है ताकि राज्य के हर तीर्थ स्थान को आरामदायक बस सेवा से जोड़ा जा सके। शनिवार को शुरू की गई बस सेवा बांदा से सुबह 8.30 बजे रवाना होगी और शाम 7.30 बजे अयोध्या पहुंचेगी। वापसी सेवा अगले दिन सुबह 8.30 बजे अयोध्या से रवाना होगी और शाम 7.30 बजे बांदा पहुंचेगी।
नैमिष का भी कायाकल्प कर रही सरकार
दरअसल योगी सरकार ने ऋषि-मुनियों की तपस्थली नैमिषारण्य यानी नैमिष धाम की ब्रांडिंग करने का काम शुरू कर दिया है। बीजेपी के चुनावी वादे में शामिल नैमिष धाम का विकास कई चरणों में किया जाएगा। सरकार का दावा है कि मंदिर को विकसित करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए अब चरणबद्ध तरीके से इसका विकास किया जाएगा। बताया जाता है कि नैमिष ही वह पवित्र धाम है जहां 88,000 ऋषियों ने तपस्या की थी।
पर्यटकों के लिहाज से चलाई जा रही योजनाएं
राज्य सरकार ने हाल ही में नैमिषारण्य तीर्थ स्थल को वैदिक शहर के रूप में विकसित करने की कार्य योजना को मंजूरी दी थी। दरअसल योग सरकार ने विधानसभा चुनाव के दौरान ही अपने चुनावी वादे में नैमिषधाम को शामिल किया था। अब सरकार उसी एजेंडे के तहत आगे बढ़ रही है। जल्द ही यहां भी पयर्टकों की सुविधा के लिए सरकार की तरफ से कई योजनाएं चलाईं जाएंगी।












Click it and Unblock the Notifications