UPTET 2019: अब नहीं टलेगी परीक्षा, नई तारीख का ऐलान हुआ, इसी महीने एग्जाम देंगे 16 लाख अभ्यर्थी
प्रयागराज. उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यानी यूपी टीईटी 2019) की लिखित परीक्षा की नई तारीख का आधिकारिक ऐलान कर दिया गया है। अपर मुख्य सचिव (बेसिक शिक्षा) रेणुका कुमार ने घोषणा करते हुए कहा कि परीक्षा अब नहीं टलेगी। परीक्षा 8 जनवरी को होगी। इस परीक्षा में परीक्षा 2 पालियों में होंगी। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर साढ़े 12 बजे तक व दूसरी पाली की परीक्षा अपराह्न ढाई बजे से शाम 5 बजे तक होगी।
रेणुका कुमार ने आगे कहा, "परीक्षा में इस बार रिकॉर्ड 16 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षार्थियों की वीडियो रिकार्डिंग भी की जायेगी और प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर सचल दल, स्टेटिक मजिस्ट्रेट व पर्यवेक्षक दलों द्वारा सघन निरीक्षण भी होगा।"

22 दिसंबर को इसलिए टालनी पड़ी थीं परीक्षाएं
परीक्षा टाले जाने के बारे में जानकारी देते हुए बेसिक शिक्षा विभाग की सचिव मनीषा त्रिघाटिया ने कहा कि 22 दिसम्बर को शिक्षक पात्रता परीक्षा दो पालियों में होनी थी। लेकिन, इसी बीच सीएए को लेकर मचे बवाल के चलते इसे टालना पड़ा। इंटरनेट बंद होने से एडमिट कार्ड भी नहीं निकल रहे थे और अधिकांश परीक्षा वाले शहरों में धारा-144 लागू हो जाने के कारण परीक्षा को रद्द करना पड़ा। फिलहाल, यह परीक्षा 8 जनवरी को होगी और इस बार परीक्षा नहीं टलेगी।

यूपीटीईटी-2019 के 16,34,249 लोगों ने आवेदन किया
परीक्षा नियामक प्राधिकारी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार यूपीटीईटी-2019 के लिए कुल 16,34,249 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। टीईटी में प्राथमिक स्तर की परीक्षा के लिए इस बार 10,68,912 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है और उच्च प्राथमिक स्तर में 5,65,337 अभ्यर्थियों ने फार्म भरा है। चूंकि प्राथमिक स्तर की परीक्षा में शामिल होने के लिये बीएड अभ्यर्थियों को भी अनुमति मिल गयी है, इसके कारण इसमें अभ्यर्थियों की संख्या अपेक्षाकृत अधिक है।

दोनों पाली की परीक्षा में ये शामिल होंगे
टीईटी परीक्षा में 5,78,376 अभ्यर्थियों ने सिर्फ प्राथमिक स्तर की परीक्षा के लिए ही आवेदन किया है, यानी वह सिर्फ प्रथम पाली की परीक्षा में शामिल होंगे। जबकि उच्च प्राथमिक स्तर की टीईटी में शामिल होने के लिये 74,801 अभ्यर्थी ने आवेदन किया है, यानी वह सिर्फ दूसरी पाली की परीक्षा में शामिल होंगे। लेकिन 4,90,536 अभ्यर्थियों ने दोनों स्तर की परीक्षा के लिए फार्म भरा है। यानी यह दोनों पाली की परीक्षा में शामिल होंगे।

क्या लेकर जाएं साथ
टीईटी की परीक्षा में अगर आप शामिल होने के लिये जा रहे हैं तो परीक्षा केंद्र पर कुछ कागजातों को लेकर जाना अनिवार्य किया गया है और निर्धारित अभिलेख उपलब्ध ना कराने पर परीक्षा केंद्र के अंदर प्रवेश नहीं दिया जायेगा। इसमें आनलाइन एडमिट कार्ड के अलावा अभ्यर्थी की फोटो युक्त पहचान पत्र, प्रशिक्षण योग्यता के प्रमाण पत्र या किसी भी सेमेस्टर की निर्गत अंकपत्र की मूल प्रति अपने साथ लानी होगी। इन अभिलेखों की अनउपलब्धता पर प्रवेश निषेध रहेगा।

डिग्री कॉलेज रहेंगे बंद
8 जनवरी को शिक्षा विभाग ने सिर्फ टीईटी परीक्षा कराने का निर्णय लिया है और अपनी सभी दूसरी तरह की परीक्षाएं फिलहाल सूची से बाहर कर दी है। माध्यमिक शिक्षा विभाग और उच्च शिक्षा विभाग से इस तिथि पर हरी झंडी मिलने के बाद उच्च शिक्षा विभाग ने परीक्षा वाले दिन सभी डिग्री कॉलेजो में छुट्टी का भी आदेश जारी किया है।












Click it and Unblock the Notifications