UP: यूपी के विद्यालयों में भी नारी की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए चलेगा बड़ा अभियान
CM Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश में 14 अक्टूबर से शुरू हो रहे मिशन शक्ति के चौथे चरण के तहत उच्च शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा और बेसिक शिक्षा विभाग से संबंधित सभी विद्यालयों में नारी की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूकता को लेकर वृहद स्तर पर अभियान चलाया जाएगा। विद्यालयों में बेटियों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ ही वेबिनार, सेमिनार के माध्यम से बेटियों को महिला सुरक्षा के प्राविधानों और कानूनों की जानकारी दी जाएगी।

अधिकारियों के मुताबिक बाल अधिकारों, सुरक्षा एवं संरक्षा, सेफ टच, अनसेफ टच आदि मुद्दों पर भी जागरूक किया जाएगा। मिशन शक्ति के चौथे चरण के लिए उच्च शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा और बेसिक शिक्षा विभाग ने कार्ययोजना तैयार कर ली है और चरणबद्ध तरीके से इसका संचालन किया जाएगा। उल्लेखनीय है की सीएम योगी 14 अक्टूबर को अपने सरकारी आवास से रैली को हरी झंडी दिखाकर मिशन शक्ति के चौथे चरण की शुरुआत करेंगे।
उच्च शिक्षा में लैंगिक समानता प्राप्त करने के लिए महिलाओं को उच्च शिक्षा में समान अवसर प्रदान करते हुए उनकी नामांकन दर में वृद्धि किए जान हेतु जागरुकता अभियान संचालित किया जाएगा। समस्त विश्व विद्यालयों, महाविद्यालयों, विद्यालयों में वेबिनार और सेमिनार आयोजित कर महिला सुरक्षा के विविध प्राविधानों और कानूनों की जानकारी प्रदान की जाएगी।
साथ ही लैंगिक समानता, बालिकाओं के स्वास्थ्यवर्धन एवं पोषण के प्रति जागरुकता के लिए भी वेबिनार व व्याख्यानमालाओं का आयोजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त "चुप्पी तोड़ो, खुलकर बोलो" कार्यक्रम के अन्तर्गत बालिकाओं की समस्याओं को सुनकर उन्हें एनजीओ तथा मनोचिकित्सकों के माध्यम से परामर्श दिया जाएगा।
प्रत्येक विश्वविद्यालय, महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं के लिए कम से कम एक स्वास्थ्य परीक्षण कैम्प का आयोजन किया जाएगा। प्रत्येक उच्च शिक्षण संस्थान द्वारा माह में एक बार किसी महिला रोल मॉडल के साथ संवाद का आयोजन तथा महिला सुरक्षा हेतु संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाएगा।
विशिष्ट दिवसों पर विशिष्ट दिवस के विषय से सम्बन्धित कार्यक्रम का आयोजन, समाज के सभी नागरिकों, विशेष रूप से बालकों के मध्य बालिका की सुरक्षा एवं सम्मान की भावना जागरुक करने और संवेदनशील बनाने के उद्देश्य से बालिका सुरक्षा शपथ दिलाने जैसे कार्यक्रम भी होंगे।












Click it and Unblock the Notifications