UP Panchayat Chunav 2021: 26 अप्रैल को 20 जनपदों में 49789 पोलिंग बूथों पर तीसरे चरण के मतदान
लखनऊ, अप्रैल 25: पूरा उत्तर प्रदेश कोरोना महामारी से जूझ रहा है। इस बीच सोमवार को वहां पर तीसरे चरण का त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव होगा। इसके तहत 20 जिलों की 2.14 लाख सीटों पर मतदान होना है। जिसमें सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक रविवार शाम को पोलिंग पार्टियां बूथों पर रवाना कर दी गईं, जहां पर वो मतदान की व्यवस्था कर वहीं पर रात गुजारेंगी। इसके अलावा पुलिस, पीएसी, होमगार्ड और पीआरडी जवानों को सुरक्षा में तैनात किया गया है।

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तीसरे चरण के तहत शामली, मेरठ, मुरादाबाद, पीलीभीत, कासगंज, फिरोजाबाद, औरैया, कानपुर देहात, हमीरपुर, फतेहपुर, उन्नाव, अमेठी, बाराबंकी, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, देवरिया, चंदौली, मिर्जापुर और बलिया में मतदान होगा। इसके अलावा 49,789 मतदान केंद्रों पर 3,05,71,613 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज कुमार के मुताबिक 15 अप्रैल को पहले चरण में 71 प्रतिशत, जबकि 19 अप्रैल को हुए दूसरे चरण में 71 प्रतिशत मतदान हुआ। तीसरे चरण में भी लोग बढ़-चढ़कर मतदान करें इसके लिए उपयुक्त व्यवस्थाएं की गई हैं। इसके अलावा 20 जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारियों को साफ निर्देश दिए गए हैं कि वो किसी तरह की गड़बड़ी ना होने दें, जिस वजह से दोबारा चुनाव करवाने का अतिरिक्त भार आयोग पर ना आए। वहीं सोमवार के बाद 29 अप्रैल को चौथे और अंतिम चरण का मतदान होगा, जिसके बाद 2 मई को एक साथ सभी जिलों के नतीजे आएंगे।
कोरोना को लेकर खास तैयारियां
यूपी में कोरोना का कहर जारी है। जिसको देखते हुए निर्वाचन आयोग ने खास इंतजाम किए हैं। अधिकारियों के मुताबिक सभी पोलिंग पार्टियों के लिए सैनिटाइजर और मास्क की व्यवस्था की गई है। वहीं पूरी कोशिश की जाएगी कि पोलिंग बूथ पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन हो।












Click it and Unblock the Notifications