यूपी पंचायत चुनाव में सी प्लान एप से होगी निगरानी, कानून-व्यवस्था बनाए रखने में नागरिकों की मदद लेगी पुलिस
लखनऊ। पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान आजमाया जा चुका सी प्लान एप को उत्तर प्रदेश पुलिस इस बार के पंचायत चुनाव में फिर इस्तेमाल करेगी। चुनाव के दौरान क्षेत्र में हो रही गैरकानूनी और अफवाह या उपद्रव फैलाने वाली गतिविधियों की निगरानी के लिए पुलिस इलाके के नागरिकों की मदद लेगी। इस एप के जरिए हर क्षेत्र के कुछ लोग पुलिस से जुड़ते हैं। वे नागरिक क्षेत्र में हो रही किसी भी अप्रिय घटना के बारे में इस एप के माध्यम से पुलिस को तुरंत सूचित करते हैं। लोकसभा चुनाव में यह एप कानून व्यवस्था बनाए रखने में यूपी पुलिस की मददगार बना था।

सी प्लान एप को प्रभावी तरीके से इस्तेमाल में लाने की जुगत में उत्तर प्रदेश की पुलिस लगी है ताकि किसी भी अफवाह को फैलने या असामाजिक तत्वों की किसी भी गतिविधि को तुरंत रोका जा सके। सी प्लान एप के जरिए नागरिक और पुलिस एक दूसरे का सहयोग करते हैं। क्षेत्र की कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस एप के जरिए पुलिस नागरिकों की मदद लेती है तो दूसरी तरफ नागरिक भी शांति कायम रखने में सहभागी बनते हैं। सी प्लान एप कई मायनों में पुलिसिंग करने में मददगार है।
इस एप से जुड़े नागरिक, क्षेत्र में होने वाली असामाजिक गतिविधियों के बारे में पुलिस को सूचित करते हैं। पुलिस उस पर एक्शन लेती है। अगर क्षेत्र में कोई अप्रिय घटना हो जाती है तो इस एप से जुड़े नागरिकों की मदद से पुलिस सच्चाई पता करने की कोशिश करती है। एप के जरिए दूर-दराज के गांव-कस्बों से सीधे संवाद बनाए रखने में पुलिस को मदद मिलती है। इस बारे में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस बार के पंचायत चुनाव में हर गांव के दस लोगों को इस एप से जोड़ा जाएगा जो वहां हो रही घटनाओं का अपडेट लगातार देते रहेंगे।
सी प्लान एप को लखनऊ से संचालित किया जाता है। डीजीपी का कंट्रोल रूम और यूपी डायल 112 का कंट्रोल रूम भी इससे जुड़ा है। पंचायत चुनाव को देखते हुए इस एप को अपडेट करने का काम चल रहा है। इस बार कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने हर थाने के वाट्सएप ग्रुप बनाए हैं जिनसे भी लोगों को जोड़ा जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications