UP Nikay chunav: भाजपा को अपनाने लगे मुसलमान, पसमांदा पर चला खास जादू, स्ट्राइक रेट जानिए
उत्तर प्रदेश निकाय चुनाव के नतीजे बताते हैं कि बीजेपी को प्रदेश में मुसलमानों ने अपनाना शुरू कर दिया है। पार्टी के 15 फीसदी मुस्लिम प्रत्याशियों ने कमल खिलाया है।

यूपी में हाल में संपन्न हुए नगर निकाय चुनावों के नतीजे मुसलमानों के बीच भी अपनी पैठ बनाने में जुटी सत्ताधारी बीजेपी के लिए उत्साहजनक रहे हैं। पार्टी ने प्रदेश में नगर निकायों की विभिन्न सीटों पर कुल 395 मुस्लिम उम्मीदवारों को टिकट दिया था। प्रदेश चुनाव आयोग के आंकड़े के मुताबिक उनमें से 61 ने जीत दर्ज की।
बीजेपी ने कल 395 मुसलमानों को टिकट दिया था
उत्तर प्रदेश निकाय चुनाव में बीजेपी ने जिन 395 मुसलमानों को टिकट दिया था, उनमें पांच नगर पालिका परिषद अध्यक्ष, 32 नगर पंचायत अध्यक्ष, 80 निगम पार्षद और 278 नगर पालिका परिषद और नगर पंचायत के सदस्यों की सीट शामिल है।
भाजपा के 61 मुस्लिम उम्मीदवार विभिन्न पदों पर जीते
भाजपा के मुस्लिम उम्मीदवारों ने जिन 61 मुस्लिम बहुल सीटों पर जीत दर्ज की है, उनमें पांच नगर पंचायत अध्यक्ष, लखनऊ और गोरखपुर में एक-एक निगम पार्षद, 55 नगर पालिका परिषद और नगर पंचायत सदस्यों की सीटें शामिल हैं। हालांकि, भाजपा का कोई मुस्लिम उम्मीदवार नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष का चुनाव नहीं जीत पाया है।
बीजेपी के मुस्लिम उम्मीदवारों की स्ट्राइक रेट
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि बीजेपी के 15 फीसदी मुस्लिम उम्मीदवारों की जीत उसके लिए अच्छी शुरुआत का संकेत है। नगर पंचायत सदस्यों में तो पार्टी के मुस्लिम उम्मीदवारों की जीत का आंकड़ा 25 फीसदी है और नगर पालिका परिषद सदस्यों के मामले में यह 19 फीसदी है।
'मुसलमान धीरे-धीरे जुड़ रहे हैं भाजपा के साथ'
यूपी बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रमुख कुंवर बासित अली ने कहा है कि भविष्य में भी पार्टी मुसलमानों के बीच पहुंच बढ़ाने की अपनी कोशिशें जारी रखेगी। उनके मुताबिक मुसलमान धीरे-धीरे भाजपा को समर्थन देने लगे हैं। उनके अनुसार समुदाय को मोदी और योगी सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का काफी लाभ मिला है।
नगर पंचायत अध्यक्ष की 5 सीटों पर मुसलमानों ने खिलाया कमल
बीजेपी के मुस्लिम उम्मीदवार नगर पंचायत अध्यक्ष की जिन सीटों पर चुनाव जीते हैं, उनमें बरेली के धौरा टांडा में पार्टी प्रत्याशी नदीम उल हसन ने सपा के वकील अहमद को करीब एक हजार वोटों के अंतर से हराया है। वहीं सहारनपुर के सुल्तानपुर चिलकाना में बीजेपी उम्मीदवार फूल बानो ने बसपा के अकबर को हराया है।
जबकि, सिरसी में भाजपा उम्मीदवार कौसर अब्बास ने बीएसपी के मोहम्मद वसीम को पराजित किया है। यहां सपा के मुसाहिब हुसैन नकवी चौथे स्थान पर रहे। मुरादाबाद के भोजपुर में बीजेपी उम्मीदवार फरखंदा जाबी ने समाजवादी पार्टी की मोहसिना को हराया है। इसी तरह हरदोई के गोपामऊ में बीजेपी प्रत्याशी नौशाद ने एक निर्दलीय प्रत्याशी को सिर्फ 55 वोटों के अंतर से पराजित किया।
पसमांदा पर चला खास जादू
यहां एक और बात बीजेपी के पक्ष में जाती है। पार्टी पसमांदा मुसलमानों के बीच अपना जनाधार तैयार करना चाहती है। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक से पार्टी कार्यकर्ताओं को संदेश दिए गए हैं। यूपी में बीजेपी के मुस्लिम उम्मीदवारों ने जिन पांच नगर पंचायत अध्यक्ष की सीट पर कब्जा किया है, उनमें से तीन पसमांदा मुसलमान हैं।
इनके अलावा बीजेपी के दो मुस्लिम उम्मीदवार लखनऊ और गोरखपुर नगर निगम के चुनाव में पार्षद चुने गए हैं। जिनमें लखनऊ के हुसैनाबाद वार्ड से लुबना अली खान ने कमल खिलाया है तो गोरखपुर के बाबा गंभीरनाथ नगर वार्ड से हकीकुन निशा ने भाजपा के सपनों को साकार किया है।












Click it and Unblock the Notifications