UP Nikay Chunav: 50 प्रतिशत मेयर करोड़पति, पढ़ाई-लिखाई के मामले में कैसा हाल?
यूपी में 12.5 प्रतिशत नए मेयर आपराधिक रिकॉर्ड वाले यानी दागी हैं, जबकि 50 प्रतिशत के करीब मेयर करोड़पति हैं।

यूपी में अब 'शहर की सरकार' बन गई, जहां शनिवार देर शाम तक सभी नगर निगमों के रिजल्ट जारी कर दिए गए। इस बार करीब आधे जीते हुए मेयर करोड़पति हैं। इसके अलावा पढ़े-लिखे विजेता प्रत्याशियों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है।
राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक कुल 17 नगर निगमों में 62.5 प्रतिशत पुरुष जीते हैं, जबकि 37.5 प्रतिशत महिलाएं हैं। खास बात ये है कि करीब 50 प्रतिशत नव निर्वाचित मेयर करोड़पति हैं।
अच्छी बात ये भी है कि इस बार पढ़े-लिखे मेयर की संख्या काफी ज्यादा है। आयोग के मुताबिक जीते हुए 50 प्रतिशत मेयर ग्रेजुएट, जबकि 37.5 प्रतिशत पोस्ट ग्रेजुएट हैं। वहीं 12.5 नव निर्वाचित मेयर इंटर पास हैं। ऐसे में देखा जाए तो कोई अनपढ़ प्रत्याशी इस चुनाव में नहीं जीता। हालांकि 12.5 प्रतिशत नए मेयर आपराधिक रिकॉर्ड वाले यानी दागी हैं।
वहीं चुनाव जीतने वाले पार्षदों का भी आंकड़ा सामने आ गया है। इस बार 62.5 प्रतिशत पुरुष और 37.49 महिलाएं जीती हैं। इसके अलावा इनमें 16.44 प्रतिशत करोड़पति हैं, जबकि 53.44 प्रतिशत के पास 25 लाख से ज्यादा की संपत्ति है। वहीं 26.51 प्रतिशत ग्रेजुएट और 14.81 प्रतिशत इंटर पास हैं। वहीं 12.4 प्रतिशत नए पार्षदों ने पोस्ट ग्रेजुएट किया है। आयोग के मुताबिक 7.3 प्रतिशत पार्षद दागी हैं।
नगर पंचायत में क्या हाल?
नगर पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में भी पुरुष आगे हैं। करीब 51.31 प्रतिशत पुरुष प्रत्याशी जीते, जबकि महिलाओं के लिए ये आंकड़ा 48.69 प्रतिशत रहा। इसमें करीब 10 प्रतिशत दागी उम्मीदवार जीते हैं।
सभी नगर निगम बीजेपी ने जीते
वहीं इस बार के नगर निगम चुनाव में इतिहास रचा गया, जहां 17 के 17 निगम बीजेपी ने जीत लिए। इसमें अयोध्या, झांसी, बरेसी, मथुरा-वृंदावन, मुरादाबाद, सहारनपुर, प्रयागराज, अलीगढ़, शाहजहांपुर, गाजियाबाद,आगरा, लखनऊ, कानपुर, मेरठ, फिरोजाबाद, वाराणसी और गोरखपुर निगम शामिल है। इस जीत को 2024 के लोकसभा चुनाव के लिहाज से पार्टी के लिए काफी अच्छा माना जा रहा।












Click it and Unblock the Notifications