UP Nikay Chunav: दूसरे चरण का मतदान जारी, 39 हज़ार उम्मीदवारों के भाग्य का फ़ैसला करेंगे 1.92 करोड़ वोटर
यूपी में दूसरे और अंतिम चरण का मतदान जारी है। इस चरण में 77 उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। मतगणना 13 मई को होनी है। 2024 से पहले निकाय चुनाव के रिजल्ट सभी पार्टियों के लिए अहम हैं।

UP Nikay Chunav 2023: उत्तर प्रदेश में शहरी स्थानीय निकाय चुनाव का दूसरा और अंतिम चरण गुरुवार को उत्तर प्रदेश के 38 जिलों में सुबह 7 बजे शुरू हो गया है। मतदान शाम 6 बजे समाप्त हो जाएगा। दूसरे चरण में कुल 1.92 करोड़ पंजीकृत मतदाताओं के वोट डालने और 6,929 पदों के लिए चुनाव लड़ रहे 39,146 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।
चंदोली के कुछ पोलिंग बूथों पर पुनर्मतदान
जानकारी के अनुसार, 38 जिलों के अलावा राज्य चुनाव आयोग (एसईसी) चंदौली जिले के चकिया नगर पंचायत के वार्ड नंबर तीन पर भी पुनर्मतदान हो रहा है। यहां कुछ तकनीकी खराबी के कारण 4 मई को पहले चरण का मतदान नहीं हो सका था।
इन जिलों में हो रहा चुनाव
निर्वाचन आयोग के मुताबिक जिन 38 जिलों में मतदान होगा उनमें मेरठ, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, गाजियाबाद, बागपत, बुलंदशहर, बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर, पीलीभीत, अलीगढ़, हाथरस, कासगंज, एटा, कानपुर नगर, फर्रुखाबाद, इटावा शामिल हैं। इसके अलावा कन्नौज, औरैया, कानपुर देहात, चित्रकूट, हमीरपुर, महोबा, बांदा, अयोध्या, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, बाराबंकी, अमेठी, बस्ती, संत कबीर नगर, सिद्धार्थनगर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, मिर्जापुर, सोनभद्र और भदोही भी शामिल है।
सात नगर निगमों में भी हो रही वोटिंग
राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज कुमार ने कहा, "मेरठ, गाजियाबाद, बरेली, शाहजहाँपुर, अलीगढ़, कानपुर नगर और अयोध्या सहित 590 वार्डों वाले कुल सात नगर निगमों में, 1798 मतदान केंद्रों में कुल 6111 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। " दरअसल, कुल 39.69 लाख पुरुष मतदाता और 34.57 लाख महिला मतदाता सात शहरों में 83 महापौर उम्मीदवारों और 3,849 नगरसेवक उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। नौ पार्षद पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं।
नगरपालिका परिषद में 969 उम्मीदवार
इसी तरह नगर पालिका परिषद में 95 अध्यक्ष पद के लिए 969 प्रत्याशी मैदान में हैं, जबकि 2520 सदस्य पद के लिए 13315 प्रत्याशी मैदान में हैं। नगर पालिका परिषद चुनाव में कुल 38.88 लाख पुरुष मतदाताओं और 34.44 लाख महिला मतदाताओं के मतदान करने की उम्मीद है। नगर पालिका परिषद के कुल 31 सदस्य पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं।
नगर पंचायत अध्यक्ष के लिए 2942 उम्मीदवार
नगर पंचायत में 267 अध्यक्ष पद के लिए 2942 प्रत्याशी मैदान में हैं और नगर पंचायत में 3459 सदस्य पद के लिए 17997 प्रत्याशी मैदान में हैं। नगर पंचायत चुनावों में कुल 23.61 लाख पुरुष मतदाताओं और 21.13 लाख महिला मतदाताओं के मतदान करने की उम्मीद है। नगर पंचायत के कुल एक अध्यक्ष और 36 सदस्य पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications