UP News: अतीक की हत्या के आरोपी लवलेश तिवारी के तीन दोस्त हिरासत में, जानिए इसकी वजह
उत्तर प्रदेश में माफिया डॉन अतीक अहमद की हत्या के बाद अब एसआइटी एक्शन में हैं। पहले उसने प्रयागराज में हत्या का सीन रिक्रिएट किया वहीं दूसरी तरफ बांदा से तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है।

Atiq Ahmed: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में माफिया डॉन अतीक और उसके भाई अशरफ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया था। एसआईटी ने डॉन अतीक अहमद की हत्या के आरोपी लवलेश तिवारी के तीन दोस्तों और उसके भाई अशरफ को गुरुवार को बांदा से हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। सूत्रों की माने तो इन लोगों से पुलिस को अहम जानकारी मिल सकती है।
तीनों को रेलवे स्टेशन के पास से हिरासत में लिया गया
तीनों को बांदा रेलवे स्टेशन से हिरासत में लिया गया और पूछताछ की जा रही है। जांच से जुड़े सूत्रों ने खुलासा किया कि तीनों लवलेश को टीवी पत्रकार के रूप में कैमरे का उपयोग करने का प्रशिक्षण दे रहे थे। हत्यारों लवलेश, मोहित और अरुण ने सबसे पहले 14 अप्रैल को अतीक अहमद, अशरफ को निशाना बनाने की कोशिश की थी।
14 अप्रैल को भी की थी मारने की कोशिश
दरअसल, 14 अप्रैल को गैंगस्टर-राजनेता अतीक अहमद और भाई अशरफ की कथित तौर पर हत्या करने वाले तीन आरोपियों लवलेश तिवारी, मोहित सिंह उर्फ शनि और अरुण मौर्य ने पहली बार उस समय निशाना बनाने की कोशिश की थी, जब दोनों भाईयों को मामले की सुनवाई के लिए सीजेएम कोर्ट ले जाया जा रहा था।
आरोपियों के के बारे में छानबीन कर रही एसआईटी
एसआईटी की टीमों ने अन्य दो गिरफ्तार आरोपियों मोहित सिंह उर्फ शनि और अरुण मौर्य के बारे में और जानने के लिए हमीरपुर और कासगंज जिलों का भी दौरा किया। फिलहाल चार दिन के पुलिस रिमांड पर चल रहे लवलेश तिवारी, अरुण मौर्य और मोहित सिंह उर्फ शनि से पूछताछ के आधार पर कार्रवाई की गई है।
प्रयागराज के कमिश्नर ने किया था एसआईटी का गठन
तीन सदस्यीय एसआईटी टीम का गठन सीपी प्रयागराज रमित शर्मा ने अतीक अहमद और उसके भाई खालिद अजीम उर्फ अशरफ की हत्या की जांच के लिए टीम की सहायता के लिए किया था। टीम में एडिशनल डीसीपी सतीश चंद्र, एसीपी सत्येंद्र प्रसाद तिवारी और कोतवाली थाने के इंस्पेक्टर ओम प्रकाश शामिल हैं। दूसरी ओर, प्रयागराज पुलिस और कौशांबी पुलिस ने भी ड्रोन का इस्तेमाल कर अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन को खोजने के लिए अभियान चलाया, लेकिन उसका पता नहीं चल पाया।












Click it and Unblock the Notifications