UP News: शर्मनाक! चोरों ने शव को भी नहीं बख्शा, ड्राइवर की मौत के बाद किया ऐसा काम, शर्मसार हुई इंसानियत
UP News: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जनपद से इंसानियत को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। उन्नाव में एक ट्रक चालक की मौत के बाद चोरों ने उसकी जेब से रुपए निकाल लिए। इतना ही नहीं उसके बाद ट्रक के फ्यूल टैंक से डीजल भी चोरी कर लिए।
इस मामले की जानकारी होने के बाद पुलिस द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वहीं मृत चालक का शव कब्जे में लेकर पुलिस पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आवश्यक कार्रवाई कर रही है। पुलिस का कहना है कि परिजन द्वारा भी इस मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई है।

दरअसल, यह पूरा मामला उन्नाव जनपद के औरास थाना क्षेत्र के सीमऊ गांव की है। गांव में शारदा नहर पुल के पास शनिवार को एक डंपर चालक का शव डंपर के केबिन में मिला था। स्थानीय लोगों द्वारा फोन करके पुलिस को इस मामले की जानकारी दी गई।
जानकारी मिलने के बाद पुलिस पहुंची तो ड्राइवर के पास से मिले कागजात के आधार पर उसकी पहचान जौनपुर जनपद के सरंप्ताह थाना क्षेत्र के कटघर निवासी 30 वर्षीय विपिन गिरी के रूप में हुई। उसके बाद पुलिस द्वारा फोन करके परिजनों को सूचना दिया गया।
वहीं तलाशी के दौरान चालक के शर्ट और पैंट की जेब से कोई भी सामग्री बरामद नहीं हुई। चालक की जेब भी बाहर निकली हुई थी ऐसे में यह कहा गया कि उसके जेब में रखे रुपए को उसके मरने के बाद चोरों ने चुरा लिया।
गाड़ी मालिक का भी कहना है कि चालक विपिन लखीमपुर खीरी से गिट्टी उतारने के लिए गया था और वहीं से वापस लौट रहा था। गाड़ी मालिक का यह भी कहना है कि विपिन के पास 15 से 20 हजार रुपए नगद थे। ऐसे में उसकी मौत के बाद रुपए कहां गए?
फ्यूल टैंक से डीजल भी हो गया था चोरी
घटना के बाद दूसरे ड्राइवर को बुलाकर पुलिस द्वारा डंपर चालू करवाने का प्रयास किया गया लेकिन चालू नहीं हुआ। उसके बाद मैकेनिक को मौके पर बुलाया गया। मैकेनिक ने आकर जब जांच पड़ताल शुरू की तो पता चला कि डंपर के फ्यूल टैंक में डीजल ही नहीं है।
फ्यूल टैंक का लॉक भी खुला हुआ था ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि चोरों ने ड्राइवर की मौत के बाद उसके पास रखे रुपए निकालने के साथ ही फ्यूल टैंक से डीजल भी चुरा लिया है। हालांकि इस मामले में थानाध्यक्ष रेखा सिंह द्वारा बताया गया कि ड्राइवर के पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों द्वारा दी गई तकरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications