प्रयागराज के छात्र ने आखिर क्यों दी CM Yogi को बम से उड़ाने की धमकी? जानिए पूरा मामला
CM Yogi Adityanath News Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी देने वाला कोई आतंकवादी नहीं बल्कि प्रयागराज का एक छात्र है। पुलिस ने त्वरित कारवाई करते हुआ आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बुधवार की रात सोशल मीडिया पर एक युवक ने एक हफ्ते के अंदर सीएम योगी को बम से उड़ाने की धमकी दी थी। जिसके बाद पोस्ट सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई थी। मामले की जानकारी होते ही पुलिस हरकत में आई और गुरुवार को आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

गंगा पार इलाके के सराय इनायत थाना क्षेत्र का पूरा मामला है। धमकी देने वाले आरोपी युवक से पूछताछ भी की गई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया है कि उसने लोकप्रियता हासिल करने के लिए पोस्ट किया था, लेकिन उसने यह नहीं सोचा था कि इतनी जल्दी वो पकड़ लिया जाएगा।
आरोपी अनिरुद्ध पांडेय की सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर बनी एक प्रोफाइल तेजी से वायरल हो रही है। आईडी की प्रोफाइल में उसने अपने आप को इलाहाबाद विवि का पूर्व छात्रनेता के साथ साथ भाजपा का मंडल अध्यक्ष और विश्व हिंदू परिषद का नेता भी लिख रखा है।
सराय इनायत थाने के इंस्पेक्टर पंकज कुमार राय ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी अनिरुद्ध पांडेय सराय इनायत थाना क्षेत्र के मालवा खुर्द का रहने वाला है। इंस्पेक्टर ने बताया कि पुलिस ने आईटी एक्ट और धमकी का केस दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है।












Click it and Unblock the Notifications