UP News: एक पति, 2 पत्नियां और अजीब बंटवारा, 'तीन दिन तुम्हारे, तीन दिन मेरे...', बागपत का अनोखा मामला
UP News: उत्तर प्रदेश के बागपत में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक डॉक्टर पति का उसकी दो पत्नियों के बीच बंटवारा किया गया। दोनों पत्नियां तीन-तीन दिन पति के साथ रहेंगी, जबकि रविवार को वह अपनी मां के साथ समय बिताएगा।
यह मामला सोमवार को बागपत कोतवाली में तब आया, जब डॉक्टर की दूसरी पत्नी शिकायत लेकर पहुंची। उसने बताया कि वह सात माह की गर्भवती है, लेकिन उसका पति उसकी देखभाल नहीं कर रहा और अपनी पहली पत्नी के साथ रहता है। पुलिस की सख्ती के बाद दोनों पत्नियां आपसी सहमति पर राजी हो गईं।

तीन-तीन दिन का बंटवारा, रविवार मां के नाम
समझौते के तहत, सप्ताह के शुरुआती तीन दिन यानी सोमवार, मंगलवार और बुधवार को पति पहली पत्नी के साथ रहेगा। गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार दूसरी पत्नी के लिए तय किए गए हैं और रविवार को पति अपनी वृद्ध मां के साथ बिताएगा।
समझौते में यह भी शर्त रखी गई है कि कोई भी पत्नी सोशल मीडिया पर अपने बच्चों के साथ पति की तस्वीरें साझा नहीं करेगी। पुलिस ने लिखित समझौते के बाद दोनों पत्नियों और उनके पति को घर भेज दिया। इस अनोखे समझौते को लेकर इलाके में खूब चर्चा हाे रही है।
पहली पत्नी से सात और दूसरी पत्नी से एक बच्चा
डॉक्टर युवक ने पहली शादी 15 साल पहले बागपत के एक गांव की युवती से की थी। इस शादी से उनके सात बच्चे हुए। हालांकि, कुछ समय बाद युवक का शहर में रहने वाली तलाकशुदा महिला से प्रेम संबंध बन गया। दोनों ने आपसी सहमति से शादी कर ली, जिससे दूसरी पत्नी ने एक बेटी को जन्म दिया।
जब दूसरी पत्नी ने पुलिस को पति के खिलाफ शिकायत दी, तो पुलिस ने डॉक्टर और उसकी पहली पत्नी को कोतवाली बुलाया। दोनों पत्नियों के बीच घंटों बातचीत हुई, लेकिन पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए डॉक्टर को हवालात में डालने की चेतावनी दी। इसके बाद, दोनों पत्नियां पति को बांटने पर सहमत हो गईं।
बागपत कोतवाली प्रभारी डीके त्यागी ने मीडिया को बताया कि यह मामला आपसी सहमति से सुलझा लिया गया है। युवक सप्ताह के तीन दिन पहली पत्नी और तीन दिन दूसरी पत्नी के साथ रहेगा। समझौते के दौरान यह स्पष्ट किया गया कि कोई भी पत्नी पति के साथ अपने बच्चों की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा नहीं करेगी। यह कदम विवाद और जलन से बचने के लिए उठाया गया। पुलिस ने समझौते के बाद सभी कोतवाली से घर भेज दिया।












Click it and Unblock the Notifications