UP News: योगी सरकार का अहम फैसला, प्रदेश में 42 हजार होमगार्ड की होगी भर्ती
UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने प्रदेश में 42000 होमगार्ड की भर्ती से जुड़ा आदेश दिया है। प्रदेश में लंबे समय से होमगार्ड में नई भर्ती की बात की जा रही थी। सरकार की ओर से प्रदेश की युवाओं को रोजगार देने के मुहिम के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा फैसला लेते हुए 42000 होमगार्ड स्वयंसेवकों की भर्ती के आदेश दिए हैं। उन्होंने जल्द ही हजारों होमगार्ड के सेवानिवृत होने के दृष्टिगत जल्दी भर्ती प्रक्रिया को शुरू करने को कहा। साथ ही होमगार्ड को आपदा मित्र के रूप में तैनात करने के लिए नियमावली बनाने का निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री योगी ने यह निर्देश शनिवार को यहां होमगार्ड के विभाग की समीक्षा के दौरान दिए हैं। कानून व्यवस्था और आपातकाल की स्थिति में होमगार्ड के स्वयंसेवकों की भूमिका की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न राज्यों में भी उत्तर प्रदेश के होमगार्ड स्वयंसेवकों ने उत्कृष्ट कार्य किया है। इसलिए उन्हें बेहतर सुविधाएं भी मिली चाहिए। सीएम योगी ने फिटनेस के मद्देनजर साप्ताहिक ड्रिल कराने को कहा। वर्तमान में सेवारत होमगार्ड को आपदा मित्र का प्रशिक्षण देने की व्यवस्था शुरू करने का निर्देश भी दिया।

आपको बता दें कि वर्तमान में प्रदेश में 76 हजार से अधिक पूर्णकालिक होमगार्ड स्वयंसेवक हैं। लगभग 75 हजार ड्यूटी पॉइंट पर तैनात है। इनमें से प्रतिवर्ष लगभग 4 हजार होमगार्ड सेवानिवृत्त हो रहे हैं। अनुमान के मुताबिक वर्ष 2033 तक 42 हजार से अधिक होमगार्ड सेवानिवृत हो जाएंगे। मुख्यमंत्री ने नई नियुक्ति की प्रक्रिया समय से पूरा करने का निर्देश देते हुए कहा कि दो चरणों में 21-21 हजार होमगार्ड से सेवकों की भर्ती करने का लक्ष्य लेकर कार्यवाही आगे बढ़ाएं।
सीएम योगी ने कहा कि राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के माध्यम से तैनात आपदा मित्र के रूप में हमारे पास पहले से ही दक्ष मैनपावर है। हमें इनका सदुपयोग करना चाहिए। आपदा मित्रों का प्रशिक्षण करवाकर उन्हें होमगार्ड स्वयंसेवकों के रूप में सेवा देने का अवसर दिया जाना चाहिए। इस संबंध में राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण से समन्वय स्थापित करते हुए विधिक परामर्श प्राप्त कर नियमावली तैयार करवाएं।












Click it and Unblock the Notifications