UP News: महिला कांस्टेबल पर हमले का आरोपी एनकाउंटर में ढ़ेर, पुलिस ने रखा था एक लाख का इनाम
UP News: उत्तर प्रदेश में सरयू एक्सप्रेस में एक महिला कांस्टेबल पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी अनीस खान को एक एनकांउटर में मार गिराया है। इस कार्रवाई के दौरान तीन पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।

स्पेशल डीजी कानून-व्यवस्था प्रशांत कुमार का कहना है कि फील्ड अफसरों से मिली जानकारी के मुताबिक, सरयू एक्सप्रेस में महिला कांस्टेबल पर हमले की घटना का मुख्य आरोपी अनीश अयोध्या के पूरा कलंदर में पुलिस के साथ मुठभेड़ में घायल हो गया था। चोटों के कारण उसकी मृत्यु हो गई।
प्रशांत कुमार के मुताबिक उसके दो अन्य सहयोगी आज़ाद और विशंभर दयाल दुबे घायल हो गए और पुलिस कार्रवाई के बाद अयोध्या जिले में गिरफ्तार कर लिए गए।
उत्तर प्रदेश स्पेशल डीजी कानून व्यवस्था की तरफ से सरयू एक्सप्रेस ट्रेन में महिला सिपाही पर हमला करने वाले आरोपियों की सूचना देने वालों को एक लाख का इनाम जारी किया गया था।
एसटीएफ ने सूचना देने के लिए नंबर जारी किया था और कहा था कि इस संबंध में कोई भी सूचना एडिशनल एसपी 9454401210, डिप्टी एसपी 9454401828 या फिर जांच अधिकारी 9454402257 के नंबर भी जारी किए गए थे।
गौरतलब है कि अयोध्या में सरयू एक्सप्रेस ट्रेन में महिला सिपाही पर दो लोगों ने जानलेवा हमला किया था। 15 दिन बाद महिला सिपाही ने ये जानकारी अपने अधिकारियों को दी है। बताया कि ट्रेन चलने के 10 मिनट बाद दो लोगों ने उस पर हमला किया था। वह उन दोनों को नहीं जानती है।












Click it and Unblock the Notifications