उत्तर प्रदेश: मंत्री के भाई की दारोगा को धमकी, मेरे आदमी को छोड़ नहीं तो चौकी जला दूंगा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री अनिल राजभर के भाई धर्मेंद्र राजभर के वाराणसी में पुलिसकर्मियों के साथ अभ्रदता करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। मामला वाराणसी के रोहनिया थाना क्षेत्र की अखरी चौकी की है। अनिल राजभर के भाई धर्मेंद्र यहां पुलिस हिरासत में लिए एक शख्स को जबरन छुड़ाने की कोशिश कर रहे थे। जब चौकी इंचार्ज ने उन्हें ऐसा नहीं करने दिया तो वो गाली-गलौच पर उतर आए और उनकी बात ना मानने पर चौकी को जलाने तक की धमकी देने लगे।

मारपीट के मामले में पुलिस ने एक शख्स को हिरासत में लिया था और चौकी में बैठा रखा था। इस बीच धर्मेंद्र राजभर आकर चौकी में बैठाए शख्स को अपना आदमी बताते हुए मामले को खत्म कर शख्स को अपने साथ ले जाने की बात पर अड़ गए। चौकी प्रभारी से इसी बात को लेकर उनकी बहस हो गई, जिसके बाद उन्होंने चौकी इंचार्ज को उनकी ताकत का अंदाजा ना होने की बात कहते हुए चौकी को जलाकर राख कर देने की धमकी दी।
इस सब के बीच भाजपा नेता के भाई के समर्थकों ने चौकी के बाहर हंगामा काटना शुरू कर दिया। देर तक चौकी के बाहर और भीतर हंगामा चलता रहा। इस दौरान धक्कामुक्की भी हुई, जिसमें मंत्री के भाई का कुर्ता भी फट गया। भाजपा नेता के भाई के समर्थकों ने देर तक चौकी इंचार्ज हाय हाय और चौकी इंचार्ज मुर्दाबाद के नारे भी चौकी के बाहर लगाए।












Click it and Unblock the Notifications