सपा पर योगी का बड़ा हमला, कहा- पश्चिमी यूपी को सांप्रदायिक आग में झोंकने को तैयार अखिलेश
लखनऊ, 16 जनवरी: यूपी में अब जुबानी जंग तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चुनावों में क्रिमिनल रिकॉर्ड वाले लोगों को मैदान में उतारने के लिए समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला किया है। सीएम योगी ने रविवार को सपा पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि अपराधियों को टिकट देकर पश्चिमी यूपी को सांप्रदायिक आग में झोंकने को अखिलेश यादव तैयार हैं।

गठबंधन पर योगी का निशाना
सीएम आदित्यनाथ ने कहा कि समाजवादी पार्टी, जिसने 2012 से 2017 तक यूपी की सरकार में शासन किया, आगामी चुनावों के लिए राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के साथ हाथ मिलाने के बाद एक बार फिर गुंडागर्दी, माफिया और अराजकता को बढ़ावा दे रही है। योगी ने गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा और रालोद गठबंधन की जारी उम्मदवारों की पहली लिस्ट से अपना चरित्र दिखाया है। यूपी चुनाव में एक बार फिर सपा ने अपराधियों और दंगाइयों को टिकट दिया है।
'सांप्रदायिक आग में झोंकने को अखिलेश यादव तैयार'
आदित्यनाथ ने सपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि लोनी विधानसभा क्षेत्र से मैदान में उतरे मदन भैया की गिनती माफियाओं में होती है, लेकिन अखिलेश यादव और जयंत चौधरी इसे भूल गए हैं। उसके खिलाफ 1982 से 2021 तक कुल 31 मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या के मामले भी शामिल हैं।
इसी के साथ मुजफ्फरनगर सीट से नाहिद हसन को मैदान में उतारने के लिए समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा और कहा कि उसके खिलाफ शामली और सहारनपुर जिलों में कुल 17 मामले दर्ज हैं। उन्होंने आगे कहा कि इसी तरह बुलंदशहर से टिकट पाने वाले हाजी यूनुस पर 23 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
बीजेपी ने जारी की 107 प्रत्याशियों की लिस्ट
वहीं भाजपा की तरफ से जारी उम्मीदवारों की पहली लिस्ट को योगी ने सामाजिक न्याय का प्रतीक बताया। बता दें कि भाजपा ने शनिवार को आगामी चुनावों के लिए 107 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की। उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा के लिए सात चरणों में 10 फरवरी से 7 मार्च तक मतदान होगा। मतों की गिनती 10 मार्च को होगी।












Click it and Unblock the Notifications