बलरामपुर में बोले सीएम योगी आदित्यनाथ, अगले 5 साल में हर परिवार के एक सदस्य को देंगे नौकरी
लखनऊ, 01 मार्च: छठे चरण के चुनाव प्रचार के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बलरामपुर पहुंचे। यहां उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए सपा और बसपा पर हमला बोला। इस दौरान उन्होंने कन्या सुमंगला योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इस योजना में अभी 15 हजार रुपए मिलते हैं, अब इस योजना में 25 हज़ार रुपये देने का प्रस्ताव है। इतना ही नहीं, सीएम ने कहा कि अगले 5 साल में हर परिवार के एक सदस्य को नौकरी, रोज़गार एवं स्वरोज़गार से भी जोड़ने का काम सरकार कर रही है।

बता दें, प्रदेश के मुख्यमंत्री छठे चरण के लिए चुनाव प्रचार पर निकले हुए है। इस दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ बलरामपुर पहुंचे और जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बुलडोजर जिन पर चल रहा है, चलता रहेगा। लेकिन अगले पांच साल में हर परिवार के एक सदस्य को नौकरी, रोजगार भी उपलब्ध कराया जाएगा। इस दौरान उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी परेशान है। बोल रही है कि इतना पैसा कहां से आ रहा है। हमने कहा जब नियत साफ होती है तो पैसा भी आ जाता है। हमारी नियत साफ है और हम विकास करवा रहे हैं।
सिद्धार्थनगर में जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले सिद्धार्थनगर में हर महीने दंगा होता था और मुझे आंदोलन करने यहां आना पड़ता था लेकिन इन पांच सालों में किसी ने दंगा करने का क्या दुस्साहस किया?। इस दौरान उन्होंने कहा कि दमदार सरकार के लिए भाजपा को वोट दें। पांच चरणों के चुनाव के रुझान से पता चलता है कि भाजपा की सरकार पूर्ण बहुमत से बन रही है। सपा सरकार में 700, बसपा सरकार में 364 दंगे हुए थे। वहीं भाजपा की सरकार में एक भी दंगा नहीं हुआ।
वहीं, महाराजगंज और गोरखपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कोरोना के समय लोगों को फ्री में वैक्सीन मिली अगर सपा, बसपा की सरकार होती तो ये वैक्सीन भी ब्लैक में बिक जाती। भाजपा सरकार हर स्कीम को जनता तक पहुंचा रही है। गोरखपुर में बोलते हुए कहा कि एक समय था जब सपा, बसपा गरीबों का राशन हड़प जाते थे। आज की तारीख में सभी को राशन मिल रहा है। क्या सपा बसपा के लोग राम मंदिर का निर्माण करवा पाते?।












Click it and Unblock the Notifications