अब मतदाताओं से बोले अखिलेश यादव, कोई पैसे दे तो ले लें, वोट साइकिल को ही दें
यूपी के सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि मैंने सुना है कि कुछ मतदाताओं को पैसे दिए गए हैं। मेरी उन मतदाताओं को सलाह है कि वो दूसरे दलों से मिलने वाले पैसों को रख लें लेकिन वोट साइकिल को ही दें।
भदोही। यूपी विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा सियासी बयानबाजी भी तेज होती जा रही है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और यूपी के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी उन नेताओं में शामिल हो गए हैं जिन्होंने मतदाताओं से कहा कि वो दूसरे दलों से मिलने वाले पैसों को लेकर वोट उनकी ही पार्टी को दें। अखिलेश यादव ने ये बातें भदोही में चुनावी रैली के दौरान कही है।

पहले केजरीवाल, फिर पर्रिकर अब अखिलेश ने दिया वही बयान
यूपी के सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि मैंने सुना है कि कुछ मतदाताओं को पैसे दिए गए हैं। मेरी उन मतदाताओं को सलाह है कि वो दूसरे दलों से मिलने वाले पैसों को रख लें लेकिन वोट साइकिल को ही दें। बता दें कि साइकिल चुनाव निशाना समाजवादी पार्टी का चुनाव चिन्ह है। अखिलेश यादव समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष हैं। बता दें कि ये बयान पहली बार सामने नहीं आया है। इससे पहले भी कई नेताओं ने ऐसा ही बयान दिया था। पिछले महीने ही चुनाव आयोग ने केंद्रीय रक्षामंत्री मनोहर पर्रिकर को ऐसे ही एक बयान देने के आरोप में नोटिस जारी किया था।
मनोहर पर्रिकर पर गोवा चुनाव के दौरान वोटरों से पैसे लेकर वोट कमल को देने का बयान देने के आरोप लगे थे। पर्रिकर पर आरोप है कि उन्होंने उस समय कहा था कि अगर आपको कोई दो हजार रुपये देकर वोट उन्हें देने को कहे या फिर पांच सौ रुपये देकर अपनी रैली में जाने को कहे तो इसमें कोई विरोध नहीं है। आप पैसे ले लीजिए लेकिन वोट जब देना हो तो कमल के निशान पर ही दें। पर्रिकर को नोटिस के साथ-साथ चुनाव आयोग ने भविष्य में मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट के तहत बयान देने के दिशा-निर्देश भी दिए हैं। चुनाव आयोग ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर भी ऐसे ही बयान को लेकर एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया है। उन्होंने भी गोवा चुनाव में वोटरों से कहा था कि दूसरे दलों से पैसे मिले तो उसे लेकर वोट आम आदमी पार्टी को ही दें। इस मामले में केजरीवाल की मुश्किलें बढ़ी थी। अब देखना है कि अखिलेश यादव के बयान पर चुनाव आयोग का रुख क्या रहेगा?












Click it and Unblock the Notifications