कहीं नकली खोया तो नहीं खरीद रहे? धनतेरस पर मिठाई खरीदने से पहले ऐसे चेक करें
Dhanteras News Uttar Pradesh: त्योहारों का सीजन है। लोगों का उत्साह देखते बन रहा है। त्यौहार हो और बात मिठाई की ना हो तो सब अधूरा है। लोग जमकर मिठाई की खरीददारी कर रहे हैं और आज धनतेरस है , आज भी जमकर खरीददारी होनी है। ऐसे में अगर आप भी मिठाई खरीदने जा रहे हैं तो असली और नकली मिठाई में अंतर जरूर कर लें। वन इंडिया हिंदी रिपोर्टर पुनीत श्रीवास्तव ने गोरखपुर के सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा डॉक्टर सुधीर कुमार सिंह से खास बातचीत की और असली और नकली मिठाई की पहचान कैसे करें इस पर विस्तार से चर्चा की । तो आप भी जानिए मिठाई खरीदते समय किन बातों का ध्यान रखना है ?
असली और नकली मिठाई की पहचान कैसे करें
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा डॉक्टर सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि मिठाई खरीदने से पहले कुछ खास बातें हैं जिनका सभी ग्राहकों को ध्यान रखना चाहिए। त्योहारों के मौसम में बाजारों में तरह-तरह की मिठाइयाँ सज जाती हैं। लेकिन इसी समय नकली या मिलावटी मिठाइयाँ भी बड़ी मात्रा में बिकने लगती हैं, जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकती हैं। इसलिए उपभोक्ताओं को सतर्क रहना आवश्यक है।

इन बातों का रखें ध्यान
- मिठाई की खुशबू और स्वाद से पहचान ,असली मिठाई में खुशबू प्राकृतिक होती है, स्वाद हल्का और ताजगी भरा लगता है। नकली मिठाई में तेज आर्टिफिशियल फ्लेवर या एसेंस की गंध आती है। मिठाई को सूंघकर और थोड़ा चखकर इसका अंतर पहचाना जा सकता है। असली दूध या खोये से बनी मिठाई का टेक्सचर मुलायम और दानेदार नहीं होता, स्वाद में हल्की मिठास रहती है। नकली मिठाई में सिंथेटिक दूध या पाउडर मिल्क का प्रयोग किया जाता है जिससे मिठाई रबड़ जैसी या बहुत दानेदार लगती है।
- चांदी के वर्क (Silver Foil) की पहचान, असली वर्क उँगलियों से रगड़ने पर टूटता नहीं है और उसमें कोई गंध नहीं होती। नकली वर्क एल्यूमिनियम फॉयल से बना होता है जो आसानी से फट जाता है और धातु जैसी गंध आती है। नकली वर्क शरीर में जाने पर स्वास्थ्य को नुकसान पहुँचा सकता है। मिठाई में इस्तेमाल घी की पहचान, असली घी में हल्की, प्राकृतिक खुशबू होती है और स्वाद में मिठास रहती है। नकली घी (वनस्पति या सिंथेटिक) में तेज या केमिकल जैसी गंध आती है और खाने के बाद गले में जलन महसूस हो सकती है।
- घर पर मिठाई की जांच के सरल तरीके, मिठाई को पानी में डालें - अगर रंग निकलने लगे, तो उसमें केमिकल या सिंथेटिक रंग मिला है। मिठाई को हाथ से दबाएँ - अगर तेल या चिपचिपाहट निकले, तो उसमें सिंथेटिक घी या रिफाइंड का अधिक उपयोग हुआ है। मिठाई की सतह अगर बहुत चमकदार या अस्वाभाविक रंग वाली हो, तो वह शक के दायरे में आती है।
मिठाई खरीदते समय ध्यान रखें
1. हमेशा लाइसेंस प्राप्त और भरोसेमंद दुकान से मिठाई खरीदें।
2. निर्माण एवं उपभोग तिथि (Mfg. & Best Before Date) अवश्य देखें।
3. मिठाई की खुशबू, रंग और बनावट देखकर ही खरीदें।
4. बहुत चमकीले रंग या अत्यधिक सुगंध वाली मिठाइयों से बचें।
5. पैक्ड मिठाई पर FSSAI License Number देखें।
उपभोक्ता शिकायत हेतु संपर्क करें
अगर आपको किसी मिठाई में मिलावट का संदेह हो, तो फूड सेफ्टी विभाग के टोल फ्री नंबर पर सूचना दें -
📞 1800-180-5533












Click it and Unblock the Notifications