गली-गली में लगे हैं पोस्टर और पिता केशव मौर्य बोले- चुनाव नहीं लड़ेगा बेटा
केशव मौर्य ने सख्त लहजे में अफवाह फैलाने वालों से कहा कि इस तरह का भ्रामक प्रचार ना करें। आप लोग सही समय का इंतजार करिए संगठन सशक्त और सक्रिय कार्यकर्ता को अपना चेहरा बनाएगा।
इलाहाबाद। इलाहाबाद की फूलपुर लोकसभा सीट से उप चुनाव लड़ने के लिए पिछले दिनों डिप्टी सीएम केशव मौर्य के बेटे का नाम सामने आ रहा था। इलाहाबाद की सडकों पर सैकडों की संख्या में पोस्टर लगे। सोशल नेटवर्किंग साइट्स पर टिकट मिलने और बधाई देने का मैसेज वायरल हुआ। राजनीतिक दलों ने भी भाजपा को घेरना शुरू किया कि अचानक केशव मौर्य ने बयान जारी कर इस पूरे प्रकरण पर अपनी सफाई देते हुए कहा कि उनके परिवार से कोई चुनाव नहीं लड़ रहा है। फूलपुर लोकसभा हमारे लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है लेकिन उप लोकसभा चुनाव में मेरे परिवार का कोई भी प्रत्याशी चुनाव नहीं लड़ेगा और ना ही ऐसी कोई तैयारी ही है। मैं परिवारवादी नहीं हूं, मैं कार्यकर्ता वादी हूं और संगठन जिसे चाहेगा उसे इस सीट पर टिकट देगा।

केशव मौर्य ने सख्त लहजे में अफवाह फैलाने वालों से कहा कि इस तरह का भ्रामक प्रचार ना करें। आप लोग सही समय का इंतजार करिए संगठन सशक्त और सक्रिय कार्यकर्ता को अपना चेहरा बनाएगा। हालांकि केशव मौर्य पूरे शहर में लगे बेटे योगेश के पोस्टर, बैनर पर कुछ भी नहीं बोले और किनारा करते हुए अपनी बातों को अफवाह की ओर ही केंद्रित करते रहे।


फिलहाल पहली नजर में अब योगेश के आने की संभावना जरूर क्षीण हुई है लेकिन राजनीति में कुछ भी संभव है। ऐसे में हवा का रुख क्या होगा ये तो वक्त बताएगा लेकिन बिना आग के धुआं उठना संभव प्रतीत नहीं हो रहा है।












Click it and Unblock the Notifications