UP Board Result 2026: बिकरू कांड वाली 'खुशी' अब बनेगी वकील! बदनामी के 6 साल बाद गाड़े सफलता के झंडे
UPMSP Result: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने गुरुवार (23 अप्रैल) को कक्षा 10वीं और 12वीं के परिणाम घोषित कर दिए हैं। इस साल के नतीजों में जहां एक बार फिर बेटियों का दबदबा रहा, वहीं कानपुर के चर्चित बिकरू कांड की आरोपी रही खुशी दुबे ने भी शिक्षा के क्षेत्र में अपनी इच्छाशक्ति का लोहा मनवाया है।
तमाम मानसिक दबाव और कानूनी उलझनों के बीच खुशी दुबे ने इंटरमीडिएट की परीक्षा 61 फीसदी अंकों के साथ पास कर ली है। आइए जानतें हैं खुशी दुबे ने अपनी सफलता पर क्या कहा और इस साल यूपी बोर्ड का रिपोर्ट कार्ड कैसा रहा?

बिकरू कांड के बाद लंबे समय तक कानूनी कार्यवाही और मानसिक तनाव का सामना करने वाली खुशी दुबे ने अपनी इस सफलता को संघर्ष का परिणाम बताया है। खुशी ने बताया कि उनके लिए यह सफर बिल्कुल भी आसान नहीं था। एक तरफ कोर्ट-कचहरी के चक्कर और दूसरी तरफ मां की खराब तबीयत, लेकिन इन सब के बीच उन्होंने अपनी पढ़ाई को रुकने नहीं दिया।
अब क्या है खुशी का अगला लक्ष्य?
खुशी का लक्ष्य अब कानून की पढ़ाई (LLB) कर एडवोकेट बनना है, ताकि वह न्याय व्यवस्था के माध्यम से समाज की सेवा कर सकें।
शादी के महज तीन दिन बाद मिली बदनामी
दरअसल, पनकी रतनपुर की रहने वाली खुशी तिवारी के जीवन में 29 जून 2020 को अमर दुबे से शादी के बाद एक बड़ा मोड़ आया। शादी के महज तीन दिन बाद ही दो जुलाई 2020 को कुख्यात बिकरू कांड हुआ, जिसमें विकास दुबे और अमर दुबे ने पुलिसकर्मियों पर घात लगाकर हमला किया। इस हिंसक घटना में सीओ देवेंद्र मिश्रा समेत आठ पुलिसकर्मियों ने अपनी जान गंवाई थी। पुलिस कार्रवाई में खुशी के पति अमर दुबे को एनकाउंटर में ढेर कर दिया गया, जिसके बाद खुशी को हत्या की साजिश और विस्फोटक अधिनियम जैसी गंभीर धाराओं में आरोपित बनाया गया था।
अब कहां है खुशी दुबे?
पांच जुलाई 2020 को जेल जाने के बाद खुशी को कानूनी लड़ाई का सामना करना पड़ा। शुरुआती दौर में परिजनों ने उनके नाबालिग होने का दावा किया, जिसकी पुष्टि होने के बाद उन्हें बाराबंकी बाल सुधार गृह भेजा गया। करीब 28 महीने तक जेल की सलाखों के पीछे रहने के बाद, 4 जनवरी 2023 को सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें जमानत दी और 20 जनवरी को उनकी रिहाई हो सकी। जेल से बाहर आने के बाद खुशी ने अपनी जिंदगी को नई दिशा देने की ठानी और पढ़ाई को अपना हथियार बनाया, जिसका रिजल्ट अब उनके शानदार परीक्षा परिणाम के रूप में सामने आया है।
12वीं में शिखा और 10वीं में कशिश ने किया टॉप
यूपी बोर्ड 2026 के नतीजों में सीतापुर जिले का बोलबाला रहा। 12वीं (इंटरमीडिएट) में सीतापुर की शिखा वर्मा ने 97.60% अंक प्राप्त कर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया। वहीं, 10वीं (हाईस्कूल) में भी सीतापुर की कशिश वर्मा और बाराबंकी की अंशिका वर्मा 97.83% अंकों के साथ संयुक्त रूप से स्टेट टॉपर रहीं। छात्राओं ने इस साल भी लड़कों को पीछे छोड़ते हुए टॉप तीन स्थानों पर कब्जा जमाया है।














Click it and Unblock the Notifications