UP Board Exam 2026: प्रैक्टिकल में नंबरों का खेल करने वालों की खैर नहीं! अब मोबाइल App रखेगा नजर
UP Board 12th Practical Exam 2026: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने इंटरमीडिएट (12th) की प्रयोगात्मक परीक्षाएं 2026 (Practical Examinations) शुरू कर दी हैं। इस बार बोर्ड ने अंकों की हेराफेरी और मानवीय गलतियों को रोकने के लिए 'डिजिटल स्ट्राइक' की है।
अब परीक्षकों को प्रैक्टिकल के नंबर बोर्ड द्वारा विकसित एक विशेष मोबाइल एप्लीकेशन के जरिए ऑनलाइन ही अपलोड करने होंगे।

UP Board Exam: ट्रायल खत्म, अब ऑनलाइन फीडिंग अनिवार्य
यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह के अनुसार, पिछले साल इस ऑनलाइन व्यवस्था को ट्रायल के तौर पर शुरू किया गया था। तब सिस्टम नया होने के कारण ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से अंक मांगे गए थे। लेकिन ट्रायल की सफलता के बाद, बोर्ड ने यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 के लिए प्रैक्टिकल अंकों की ऑनलाइन फीडिंग को पूरी तरह अनिवार्य कर दिया है।
UPMSP: गलती हुई तो नहीं स्वीकारेगा App: 'डबल-एंट्री' सिस्टम
डाटा में शुद्धता बनाए रखने के लिए इस मोबाइल ऐप में 'डबल-एंट्री' सिस्टम लागू किया गया है।
- एक बार में अधिकतम 80 छात्रों के अंक अपलोड किए जा सकते हैं।
- अंक भरने के बाद सिस्टम दोबारा वही डेटा भरने को कहेगा।
- अगर पहली और दूसरी बार भरे गए अंकों में थोड़ा भी अंतर मिला, तो ऐप उसे स्वीकार नहीं करेगा और स्क्रीन पर त्रुटि (Error) दिखा देगा।
- इससे प्रैक्टिकल परीक्षा की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सटीक हो जाएगी।
लोकेशन पर नजर: जियो-लोकेशन से होगी निगरानी
सिस्टम में सुरक्षा का एक और बड़ा घेरा है। कंप्यूटर शिक्षक विश्वनाथ मिश्रा के अनुसार, यह ऐप परीक्षक की लाइव लोकेशन को ट्रैक करता है। जैसे ही परीक्षक परीक्षा केंद्र से लॉग-इन करेगा, ऐप उसकी जियो-लोकेशन को बोर्ड के पास दर्ज डाटा से मैच करेगा। इससे यह सुनिश्चित होगा कि परीक्षक निर्धारित केंद्र पर मौजूद रहकर ही अंक चढ़ा रहा है।
शिकायत और सुझाव के लिए ऑनलाइन विंडो
बोर्ड ने परीक्षकों को अपनी समस्याएं या सुझाव साझा करने के लिए upmsp.edu.in पर एक विशेष सेक्शन भी दिया है। परीक्षक अपनी यूजर आईडी से लॉग-इन कर लिखित सुझाव या शिकायत अपलोड कर सकते हैं। हालांकि, सुझाव देने के लिए लोकेशन वेरिफिकेशन की जरूरत नहीं होगी।












Click it and Unblock the Notifications