UP Election 2022: पहले चरण की 58 सीटों पर 60 फीसदी मतदान, कई दिग्गजों की किस्मत ईवीएम में कैद
नई दिल्ली, 10 फरवरी: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान खत्म हो गया है। पहले चरण में आज (10 फरवरी) पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 11 जिलों की 58 विधानसभा सीटों पर वोटिंग हुई है। इस चरण में कुल 60.17 फीसदी मतदान हुआ है। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने कहा है कि चुनाव पूरी तरह से शांतिपूर्ण तरीके संपन्न कराया गया है और कहीं से किसी भी तरह की अप्रिय घटना की कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है।
Recommended Video

कुछ छिटपुट घटनाओं को छोड़कर सभी जिलों में मतदान शांतिपूर्ण रहा है। हालांकि कुछ जगहों पर वोटरों को धमकाने के आरोप और वोट डालने से रोकने के मामले भी सामने आए। समाजवादी पार्टी ने आगरा में भाजपा पर गुंडागर्दी से वोट डलवाने के आरोप लगाए। सपा ने कैराना, मुजफ्फरनगर और मेरठ में भी कुछ बूथों पर भाजपा के लोगों पर मतदान प्रभावित करने की बात कही है। शामली में रालोद प्रत्याशी प्रसन्न चोधरी ने अपने ऊपर हमला किए जाने की बात कही है। वहीं बुढ़ाना में बीजेपी प्रत्याशी उमेश ने एक युवक पर फर्जी मतदान का आरोप लगाते हुए मारपीट की।
पहले चरण में ईवीएम में खराबी से भी मतदाताओं को परेशानी हुई। अलग-अलग जिलों में कई बूथों से ईवीएम में खराबी से मतदाताओं को काफी परेशानी उठानी पड़ी। मेरठ, मुजफ्फरनगर, कैराना और कई दूसरी जगहों से ईवीएम में शिकायत आई।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले चरण में की 58 सीटों पर गुरुवार सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान हुआ। इस चरण में शामली, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा तथा आगरा जिलों में मतदान हुआ है।
पहले चरण में खैरागढ़, फतेहाबाद, आगरा दक्षिण, बाह, छाता, मथुरा, सरधना, मेरठ शहर, छपरौली, बड़ौत, बागपत और कैराना सीट को संवेदनशील गोषित किया गया था। हालांकि इन सीटों से किसी अप्रिय घटना की खबर नहीं आई। इस चरण में 623 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई है। जिसमें कई बड़े चेहरे भी शामिल हैं। पहले चरण में योगी सरकार के 9 मंत्री भी चुनाव मैदान में हैं।
जिन 58 सीटों पर वोट डाले गए हैं, 2017 में उनमें से 53 सीटें बीजेपी ने जीती थी। इस चुनाव में उसके सामने 2017 के प्रदर्शन को दोहराने की चुनौती है। वहीं सपा-रालोद गठबंधन भी इस चुनाव में दमखम से उतरा है। बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस भी मैदान में है। पहले चरण में मुख्य मुकाबला, भाजपा, सपा-रालोद, बसपा और कांग्रेस के बीच रहने की उम्मीद है।












Click it and Unblock the Notifications