सत्र के दौरान 'गेम खेलते और तंबाकू खाते' दिखे भाजपा विधायक, Video शेयर कर सपा ने कसा तंज
लखनऊ, 24 सितंबर। उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है। वहीं, अब प्रदेश की विपक्षी पार्टी सपा ने दो वीडियो शेयर करके भाजपा के विधायकों पर सवाल उठाया है। वीडियो शेयर करके आरोप लगाते हुए सपा ने कहा कि भाजपा विधायक सत्र के दौरान मोबाइल पर गेम खेलकर और तंबाकू खाकर सदन की गरिमा को धूमिल कर रहे हैं। भाजपा पर हमला बोलते हुए सपा ने कहा है कि इन लोगों ने सदन को मनोरंजन घर में बदल दिया है।

ये भी पढ़ें- Chhattisgarh: दिलचस्प सियासत, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम की पदयात्रा में BJP भी होगी शामिल ?

मोबाइल गेम खेल रहे भाजपा विधायक
सदन में भाजपा विधायकों के इस रवैए को लेकर सपा ने ट्वीट करते हुए लिखा है कि सदन की गरिमा को भाजपा विधायक तार-तार कर रहे हैं। सदन की कार्यवाही के दौरान महोबा से भाजपा विधायक सदन में मोबाइल गेम खेल रहे हैं। वहीं, झांसी से भाजपा विधायक तंबाकू खा रहे हैं।

मामले को लेकर सपा ने सरकार पर कसा तंज
दोनों वीडियो को शेयर करते हुए सपा ने प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर भी तंज कसा है। सपा ने आरोप लगाते हुए कहा है कि इन लोगों के पास जनता के मुद्दों का जवाब है नहीं, ऊपर से सदन को भी मनोरंजन का अंडा बना रहे हैं। यह बेहत निंदनीय और शर्मनाक है !

सत्र चल रहा है और अपने में मस्त हैं भाजपा विधायक
सपा की तरफ से जो वीडियो शेयर किया गया है, वह सत्र के दौरान का है। सत्र के दौरान ही महोबा से भाजपा विधायक राकेश गोस्वामी बेफिक्र होकर मोबाइल पर ताश वाला कोई गेम खेल रहे हैं। हालांकि, सदन की कार्रवाही को सुनने के लिए वह हेडफोन जरूर लगाए हुए हैं। वहीं, सपा की तरफ से शेयर किए दूसरे वीडियो में झांसी से भाजपा विधायक रवि शर्मा सिर झुकाकर खांस रहे हैं। साथ ही उनके हाथ में तंबाकू की डिब्बी भी है। इस डिब्बी से वो तंबाकू निकालकर रगड़ भी रहे हैं।

आरोप पर अभी भाजपा का नहीं आया है कोई जवाब
सपा की तरफ से शेयर किए गए इस वीडियो को लेकर अभी भाजपा या फिर योगी सरकार की तरफ से कोई बयान नहीं आया है। आपको बता दें कि इससे पहले यानि कि 22 सितंबर का दिन ऐतिहासिक रहा था। 22 तारीख को सदन में पहली बार महिला विधायकों के लिए तय किया गया था। इस दिन पुरुष विधायकों ने सिर्फ महिलाओं की बातें सुनी थी। क्योंकि इस दिन सिर्फ महिला विधायकों को ही बोलने के लिए कहा गया था।












Click it and Unblock the Notifications