यूपी: अराजक तत्वों ने तोड़ी अंबेडकर की प्रतिमा, पहले भी इस प्रकार की होती रही है घटना
फर्रुखाबाद। यूपी के फर्रुखाबाद में अराजक तत्वों ने बीती रात कोतवाली कायमगंज के ग्राम गऊटोला स्थित डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की मूर्ति क्षतिग्रस्त कर दी। मूर्ति का दाहिना हाथ टूटा देखे जाने पर अनुसूचित जाति समाज के लोगों में रोष व्याप्त हो गया। सूचना मिलते ही एसडीएम अनिल कुमार, सीओ अखिलेश राय, बसपाई समर्थक मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सुबह ही क्षतिग्रस्त मूर्ति की मरम्मत कराने का प्रयास किया तो बसपाइयों ने यह कहकर तुरंत ही मरम्मत कराए जाने से मना कर दिया की वरिष्ठ नेताओं के आने के बाद मूर्ति की मरम्मत की जाए। गऊटोला निवासी महेश गौतम ने बताया कि मैंने वर्ष 2001 में मकान के निकट ही अंबेडकर की प्रतिमा लगवाई थी। किसी नशेड़ी ने किसी व्यक्ति के बहकाने पर मूर्ति का हाथ कंधे से तोड़ दिया।

महेश ने बताया कि 2 वर्ष पूर्व भी किसी शरारती तत्व ने इसी हाथ को क्षतिग्रस्त कर दिया था। तब मैंने अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच में मूर्ति को क्षतिग्रस्त करने वाले का नाम उजागर नहीं हो सका। एसडीएम अनिल कुमार, ने बताया कि कायमगंज के मोहल्ला गऊटोला में किसी अराजक तत्वों ने बीती रात अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त कर दी। क्षतिग्रस्त प्रतिमा की मरम्मत कराई जा रही है।
आजमगढ़ डीएम आवास के सामने तोड़ी मूर्ति
इससे पहले आजमगढ़ जिले में एक डॉ. भीम राव अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। हद तो यह हो गई कि इस बार निशाना जिलाधिकारी कार्यालय के ठीक सामने पार्क में लगी डॉ. अम्बेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। प्रतिमा का हाथ टूटा देख बसपा सहित अन्य दलितों में आक्रोश पैदा हो गया। मौके पर भारी संख्या में बीएसपी कार्यकर्ता उपस्थित हो गए और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करने लगे। मौके पर पहुंचे पुलिस के अधिकारियों ने दूसरी प्रतिमा लगाने का आश्वासन देकर लोगों का गुस्सा शांत कराया।
मऊ में तोड़ी जा चुकी है मूर्ति
यूपी के मऊ में अराजकतत्वों ने डा. भीमराव आंबेडकर प्रतिमा के दाहिने हाथ की एक अंगुली तोड़ दी। जब इसकी जानकारी ग्रामीणों को हुई उन लोगों ने हंगामा कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आनन फानन में क्षतिग्रस्त प्रतिमा की मरम्मत कराई। इसके बाद मामला शांत हुआ।
कोपागंज क्षेत्र के ढेकवारा गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास मौजूद डा. भीमराव आंबेडकर प्रतिमा के दाहिने हाथ की एक अंगुली अराजकतत्वों ने शनिवार की रात तोड़ दी। गांव के लोग रविवार की सुबह जब गांव से बाहर की ओर निकले तो आंबेडकर प्रतिमा के हाथ की उंगली टूटी देखा। कुछ ही देर में यह सूचना आसपास के गांवों में फैल गई। नाराज ग्रामीणों ने मौके पर हंगामा किया।
उन्होंने कहा कि बाबा साहब भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। घटना की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को शांत कराते हुए कहा कि प्रतिमा की उंगली तोड़े जाने वाले अराजकतत्वों का पता लगाकर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- यूपी: राम मंदिर की वकालत करने के बजाय मोदी मुसलमानों की पत्नियों की करने लगे वकालत: प्रवीण तोगड़िया












Click it and Unblock the Notifications