Unique wedding: दूल्हे का अनोखा अंदाज, खुद मंत्र पढ़कर दुल्हन संग लिए फेरे, सोशल मीडिया पर छाया वीडियो
Unique wedding: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में शादी का एक अनोखा मामला सामने आया है। एक दूल्हा अपनी बारात लेकर हरिद्वार पहुंचा था। दूल्हे ने अपनी शादी में सभी को चौंका दिया। दूल्हे ने पुरोहित की भूमिका निभाते हुए अपनी शादी के सभी वैदिक मंत्र खुद पढ़े।
सहारनपुर जिले के रामपुर मनिहारान के मोहल्ला कायस्थान निवासी विवेक कुमार की शादी हरिद्वार के कुंजा बहादुरपुर गांव में तय हुई थी। बारात पहुंची तो लड़की वालों ने बारातियों का स्वागत किया। जयमाला की रस्म के बाद शादी की रस्में शुरू हुईं। लेकिन जब दूल्हा-दुल्हन मंडप में पहुंचे तो दूल्हे ने सबको चौंका दिया।

हवन शुरू होते ही दूल्हा विवेक कुमार ने पुरोहित से कहा कि वह अपनी शादी खुद संपन्न कराएगा। इसके बाद उसने दुल्हन को मंडप में बिठाकर खुद ही वैदिक मंत्र पढ़ना शुरू कर दिया। विवेक ने पूरे रीति-रिवाज के साथ शादी की रस्में पूरी कीं। यह देखकर बारातियों और मेहमानों के साथ-साथ दुल्हन भी चकित रह गई।
धार्मिक कर्मकांडों में है गहरी रुचि
विवेक कुमार ने बताया कि वह गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय से बीफार्मा की पढ़ाई कर रहा है। धार्मिक कर्मकांडों में गहरी रुचि के चलते उसने वैदिक मंत्रों का अध्ययन किया है। विवेक ने कहा कि शादी एक पवित्र संस्कार है और इसे गहराई से समझने के लिए मैंने खुद मंत्र पढ़ने का निर्णय लिया।
देखें वायरल Video-
विवेक ने यह भी बताया कि वह पहले अखबार बांटने का काम करता था और अपने मेहनत से इस मुकाम तक पहुंचा है। वैदिक मंत्रों और धार्मिक संस्कारों के प्रति उसकी आस्था ने उसे इस अनोखे कार्य के लिए प्रेरित किया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस अनोखी शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग दूल्हे विवेक की इस अनोखी पहल की सराहना कर रहे हैं। सहारनपुर के लोग विवेक के इस फैसले की तारीफ कर रहे हैं। उनका मानना है कि पहली बार कोई ऐसा दूल्हा देखने को मिला जो खुद ही अपनी शादी कराया है। फिलहाल, इस शादी की खूब चर्चा हो रही है।












Click it and Unblock the Notifications