हाईवे पर रौंदने लगा बेकाबू ट्रक तो जान बचाने के लिए भागते रहे लोग
एटा। उत्तर प्रदेश के एटा में एनएच 91 पर एक तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने आधा दर्जन राहगीरों को रौंद दिया। हादसे में एक साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। शहर कोतवाली के एनएच 91 पर ट्रक उस समय बेकाबू हो गया जब उसने पहले हाथीगेट पर एक साईकिल सवार को रौंद दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी।

हादसे के बाद चालक ने ट्रक को नियंत्रित करने का प्रयास नहीं किया और सड़क किनारे कई खोमचे और ठेले वालों को टक्कर मारते हुए अंत में माया पैलेस चौराहे पर सवारियों से भरे टैम्पो में जा घुसा जिससे टैम्पो में बैठी सवारियां गंभीर रूप से घायल हो गये। घटना के बाद पूरे एनएच 91 पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया और लोग जान बचाकर भागने लगे। इसी दरम्यान घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां उनका उपचार चल रहा है। वहीं हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है।

कासगंज के एटा-कासगंज मार्ग पर तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक और ट्रैक्टर की आमने-सामने की भिड़ंत हो गयी जिसमें ट्रैक्टर सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि ट्रैक्टर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गये जिन्हें उपचार के लिये जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। युवकों की हालत को गम्भीर देखते हुए उन्हें अलीगढ़ रेफर कर दिया गया।

आपको बता दें कि सदर कोतवाली क्षेत्र के नदरई कस्बे पर ट्रक और ट्रैक्टर की आमने-सामने की भीषण भिड़ंत हो गयी जिसमें बबलू नाम के व्यक्ति की मौत हो गयी। वहीं बबलू के दो अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गए जहां हादसे की जानकारी मिलते ही गांव के लोग एकत्रित हो गए और ट्रक ड्राइवर को भी पकड़ लिया और मौके पर पहुंची पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने मृतक के शव को पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और मृतक बबलू के दो अन्य साथियों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने दोनों की हालत नाजुक देखते हुए बेहतर उपचार के लिए जिला चिकित्सालय से अलीगढ़ रेफर कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications