इटावा: बड़ी बहन, छोटी बहन को साथ लेकर गई प्रेमी से मिलने, पढ़िए चर्चित डबल मर्डर का खुलासा
इटावा। उत्तर प्रदेश के इटावा के थाना क्षेत्र बसरेहर के कैलामऊ में सोमवार को हुई 2 बहनों की हत्या का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। दोनों बहनों की हत्या का आरोपी बड़ी बहन संध्या का प्रेमी निकला। पुलिस ने बुधवार को प्रेमी सहित 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बड़ी बहन संध्या आरोपी विनीत जाटव से रिश्ता खत्म करना चाहती थी। आरोपी ने कॉल करके टॉयलेट के बहाने प्रेमिका को बुलाया था लेकिन छोटी बहन भी उसके साथ पहुंच गई।

प्रेमी ने मिलने के लिए बुलाया था
संध्या से विनीत का प्रेम प्रसंग चल रहा था। संध्या विनीत जाटव से अपने संबंध धीरे-धीरे खत्म करने लगी थी और किसी दूसरे लड़के से सम्पर्क में आने लगी थी। इसकी जानकारी विनीत को हो गई। विनीत ने विरोध किया और संध्या से कई बार कहासुनी भी हुई। इसी के चलते प्रेमी विनीत ने संध्या को फोन करके खेत पर बुलाया था।

दोनों बहनों की निर्मम हत्या
प्रेमी विनीत अपने तीन साथियों के साथ शराब पीकर खेत पर पहले से मौजूद था। संध्या अपनी छोटी बहन शालू के साथ शौच के बहाने खेत में मिलने गई। संध्या और प्रेमी विनीत में कहासुनी हो गई। कहासुनी होने के बाद अतिवीर, रंजीत ने संध्या को पकड़ लिया और प्रेमी विनीत ने संध्या को गोली मार दी। इस घटना की चश्मदीद गवाह छोटी बहन शालू थी, उसे विनीत के दोस्त आनंद ने पकड़ लिया और उसकी भी गोली मारकर हत्या कर दी गई।

हत्याकांड के खुलासे के लिए बनी पुलिस की तीन टीमें
वहीं इटावा एसएसपी अशोक त्रिपाठी के मुताबिक, सोमवार देर शाम दोनों बहनें टॉयलेट के लिए घर से निकली थीं। जब वो वापस नहीं लौटीं तब परिजनों ने पुलिस को सूचित किया था। खोजबीन के बाद मंगलवार सुबह एक खेत से दोनों के शव मिले थे। डबल मर्डर की खबर से गांव में गुस्से का माहौल पैदा हो गया था। पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा करने के लिए तीन टीमें बनाई थीं। जांच के दौरान पता चला कि बड़ी बहन का नवाबपुर निवासी विनीत जाटव उर्फ जीतू से एक लंबे समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था।

पुलिस ने किया घटना का खुलासा
पुलिस ने इसी पहलू पर जांच शुरू की। इसके बाद फिरोजाबाद जनपद से विनीत और उसके एक दोस्त अतिवीर को गिरफ्तार कर लिया गया। बाद में दो अन्य आरोपी आनंद बाबू और रंजीत भी पकड़े गए। जीतू के अनुसार, करीब 2 महीने पहले प्रेमिका ने उससे संबंध तोड़ लिए थे। इससे वो दु:खी था। घटना वाले दिन गांव में एक शादी थी। आरोपी गांव के बाहर एक नलकूप पर रुका। वहां उसने दोस्तों के साथ शराब पी। इसके बाद कॉल करके प्रेमिका को मिलने बुलाया।
दोनों बहनें टॉयलेट के बहाने वहां पहुंचीं । प्रेमी की प्रेमिका से बहस हुई तो गुस्से में उसने उसे गोली मार दी । बाद में पहचान लिए जाने के डर से छोटी बहन को भी मार डाला। इस हत्याकांड के खुलासे पर डीजीपी ने 50 हजार व आईजी ज़ोन कानपुर रेंज ने भी पुलिस टीमों को इतनी ही इनामी राशि देने की घोषणा की है।












Click it and Unblock the Notifications