योगी के मंत्री नंदी पर हुआ था रिमोट बम से हमला, अब RDX से उड़ाने की धमकी
इलाहाबाद। योगी कैबिनेट के नागरिक उड्डयन एवं संस्थागत वित्त मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी को आरडीएक्स से उड़ाने की धमकी दी गई है। सुबह में मोहम्मद असद आसू नाम के फेसबुक अकाउंट से धमकी भरा मैसेज आया है। धमकी मंत्री नंदी की पत्नी व भाजपा की मेयर प्रत्याशी अभिलाषा गुप्ता के फेसबुक एकाउंट पर चैट मैसेज में आई है। इस बारे में पुलिस से संपर्क किया गया तो मुकदमा दर्ज कर साइबर सेल के आईटी एक्सपर्ट्स आईपी एड्रेस ट्रेस करने में जुट गये।

रिमोट बम के हमले के शिकार हुए थे नंदी
दरअसल इस धमकी की अहमियत इसलिये बढ़ जाती है क्योंकि पिछले दिनों ही मंत्री नंदी पर रिमोट बम से हमला करने वाले राजेश पायलट पर नैनी जेल के अंदर हमला हुआ था। इसके बाद से नंदी पर हुये बम हमले की खौफनाक यादें फिर ताजा हो गई थी, जब 2012 में तत्कालीन बसपा सरकार में मंत्री रहे नंद गोपाल गुप्ता नंदी पर आरडीएक्स युक्त रिमोट बम से हमला हुआ था। हमले में एक पत्रकार समेत दो लोगों की जान चली गई थी, लेकिन किसी तरह लंबे इलाज के बाद नंदी की जान बचा ली गई थी। याद दिला दें कि इस मामले में आज भी न्यायालय में मुकदमा विचाराधीन है और कई अभियुक्त जेल में हैं।

मेयर प्रत्याशी पत्नी के लिए प्रचार में जुटे हैं नंदी
इस समय मंत्री नंदी की पत्नी इलाहाबाद से भाजपा की मेयर प्रत्याशी हैं। पत्नी की जीत सुनिश्चित करने के लिये नंदी ने पूरी ताकत झोंक दी है और एक पखवारे से पत्नी के चुनाव प्रचार प्रसार की बागडोर खुद संभाले हुये हैं। गली-गली में वोट मांगने से लेकर माइक मीटिंग कर रहे हैं। ऐसे में सुरक्षा के दृष्टिकोण से पब्लिक के बीच मंत्री नंदी की सुरक्षा उच्चतम श्रेणी की नहीं है।

मैसेज में क्या लिखा है?
फेसबुक पर आये संदेश में मोहम्मद असद आसू ने लिखा है, मंत्री नंदी को जान से मारने की साजिश हो रही है। इस बार भी मंत्री को आरडीएक्स से उड़ाया जायेगा। इस संदेश के जवाब में जब अभिलाषा ने पूछा कि जानलेवा हमला कौन कर रहा है? जवाब आया कि फूलपुर में जाकर ही पता चलेगा।












Click it and Unblock the Notifications