अच्युतानंद हत्याकांड: यूपी पुलिस ने नेपाल बॉर्डर से पकड़े तीन हत्यारोपी, आज कर सकते हैं खुलासा
इलाहाबाद। उत्तर प्रदेश में हड़कंप मचाने वाले छात्र नेता छात्र नेता अच्युतानंद उर्फ सुमित शुक्ला हत्याकांड में पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है। पुलिस ने भारत के पड़ोसी देश नेपाल से अच्युतानंद के हत्यारोपित छात्र नेता समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। यूपी पुलिस ने नेपाल पुलिस की मदद से एक ऑपरेशन चलाकर हत्यारोपी हमलावरों को गिरफ्तार किया है। संभावना है कि गिरफ्तार हुए तीनों आरोपियों को शनिवार को मीडिया के सामने पेश कर सकती हैं।

होटल से हुई गिरफ्तारी
जानकारी के अनुसार, छात्र नेता अच्युतानंद उर्फ सुमित शुक्ला की हत्या के बाद, हत्यारोपित छात्र नेता व उसके साथी प्रयागराज से बलरामपुर होते हुए नेपाल भाग गए थे। वह नेपाल के कृष्णा नगर बढ़नी इलाके में एक होटल में रुके हुए थे। इनकी लोकेशन ट्रेस होने के बाद नेपाल पुलिस से मदद मांगी गई और फिर एसओजी प्रयागराज और नेपाल पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में होटल पर छापेमारी की गई। जहां से 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बताया यह भी जा रहा है कि गिरफ्तार किए गए लोगों की संख्या और अधिक है। फिलहाल प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद ही इस पर से पर्दा उठ सकेगा। मामले में पुलिस पूछताछ कर रही है और गोपनीयता रखने के लिए अभी मीडिया को आधिकारिक तौर पर गिरफ्तार लोगों के नाम नहीं बताए जा रहे हैं।
हॉस्टल में मारी गई थी गोली
इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के पीसीबी हॉस्टल में 31 अक्टूबर की देर रात छात्र नेता अच्युतानंद उर्फ सुमित शुक्ला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना वाली रात सुमित शुक्ला पीसीबी हॉस्टल में आयोजित एक बर्थडे पार्टी में शामिल होने के लिए गए थे। बताया जाता है कि इसी दौरान गोली चलाने वाले शख्स ने सुमित शुक्ला का पैर छुए और फिर पीछे जाकर पीठ पर उसने गोली मार दी। मामले में सीएमपी डिग्री कॉलेज के वर्तमान अध्यक्ष पर हत्या का आरोप है। पुलिस ने मृतक सुमित शुक्ला पर एक महीना पहले ही 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर दिया था। घटना के बाद से पिछले 10 दिनों से इलाहाबाद यूनिवर्सिटी का माहौल पूरी तरह से खराब है। छात्र लगातार पुलिस प्रशासन पर अच्युतानंद के हत्यारों के गिरफ्तारी का दबाव बनाए हुए थे।












Click it and Unblock the Notifications