इलाहाबाद के बाद अब सिद्धार्थनगर में तोड़ी अंबेडकर की मूर्ति
लखनऊ। यूपी में मूर्तियों को तोड़ने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इलाहाबाद के बाद अब सिद्धार्थनगर जिले में डॉ. अंबेडकर की मूर्ति तोड़े जाने की घटना सामने आई है। यहां कुछ शरारती तत्वों ने अंबेडकर की मूर्ति का एक हाथ तोड़ दिया। यह घटना डुमरियागंज थाना क्षेत्र की है। ग्रामीणों में इस घटना से काफी नाराजगी है। लोगों ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। जब लोगों ने खंडित प्रतिमा को देखा तो हंगामा करने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस ने मूर्ति को कब्जे में ले लिया। अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

इससे पहले शुक्रवार देर रात इलाहाबाद के झूंसी स्थित त्रिवेणीपुरम इलाके में लगी अंबेडकर की प्रतिमा तोड़ दी। सुबह जब लोगों ने प्रतिमा टूटी हुई देखी तो पुलिस को मामले की सूचना दी गई। अराजक तत्वों ने अंबेडकर की प्रतिमा के ऊपरी हिस्से को क्षतिग्रस्त किया है।
प्रतिमा तोड़े जाने के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर घटना स्थल के आस-पास पुलिस बल तैनात कर दिया है। वहीं, प्रतिमा तोड़े जाने की घटना पर रोष जताते हुए फूलपुर के सपा सांसद नागेंद्र पटेल धरने पर बैठ गए हैं। सपा सांसद ने प्रतिमा तोड़े जाने की घटना की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इससे पहले अंबेडकर प्रतिमा तोड़े जाने से नाराज लोगों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। भारी संख्या में मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझा-बुझा कर शांत किया। आपको बता दें कि इलाहाबाद के झूंसी में त्रिवेणीपुरम नया इलाका बसाया जा रहा है। यहां नई बिल्डिंग और रिहायशी मकान बनाए जा रहे हैं। इस इलाके में पार्क के किनारे अंबेडकर की मूर्ति लगाई गई थी।












Click it and Unblock the Notifications