सपा नेता ने जहर खाकर दे दी जान, चुनाव प्रचार में भागीदारी का दबाव!
कन्नौज। यूपी के कन्नौज में जहरीला पदार्थ खाने से समाजवादी लोहिया वाहिनी के पूर्व नगर अध्यक्ष की उपचार के दौरान मौत हो गई। युवा सपा नेता की पत्नी चुनावी विवाद में दबाव के चलते आत्महत्या कर लेने की बात कह रही है तो वहीं पुलिस ने इस मामले में पत्नी के आरोपों को देखते हुए दी गयी तहरीर के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है।

गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सुभाष नगर निवासी समाजवादी लोहिया वाहिनी के पूर्व नगर अध्यक्ष अरुण कुमार यादव पुत्र सुरेश चंद्र यादव की अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजनों व मित्रों ने युवा सपा नेता को आनन-फानन नगर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने फर्रुखाबाद के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसको लेकर खुदागंज के आगे पहुंचे तो पता चला कि कमालगंज में जुलूस निकलने के कारण जाम लगा है। इस पर परिजनों ने वापस सरायप्रयाग स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां अरुण को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक अरुण मूल रूप से क्षेत्र के गांव इस्माइलपुर का रहने वाला था। उसके पिता सुरेश दिल्ली में रहते हैं। अरुण के एक पुत्र अंश व एक पुत्री अंशिका हैं।

मृतक की पत्नी ने चुनावी रंजिश को लेकर लगाए आरोप
अरुण के फिलहाल तनाव के माहौल में सल्फास खाने की चर्चा है। मृतक की पत्नी पूजा यादव ने बताया कि नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद के चुनाव के दौरान समाजवादी पार्टी के घोषित प्रत्याशी इन्द्र कुमार गुप्ता के चुनाव कार्यालय में पहले की रंजिश को लेकर धीरज गुप्ता ने मारपीट की जिसके बाद धीरज गुप्ता ने मोबाइल से पुलिस को सूचना देकर कोतवाली में अरुण को बंद करा दिया। इसके बाद राजीव यादव व इंद्र कुमार गुप्ता ने अरुण को पुलिस से छुड़वाया जिसके बाद अरुण के फोन पर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा जान माल की धमकी दी जाने लगी। पार्टी चुनाव कार्यालय की घटना से क्षुब्ध होकर अरुण यादव ने चुनाव में सहभागिता न करने का फैसला किया जिससे वर्तमान नगर पालिका अध्यक्ष के पुत्र उत्कर्ष गुप्ता व अनमोल गुप्ता लगातार धीरज के संपर्क में रहे और जबरदस्ती चुनाव प्रचार के लिए बुलाने का प्रयास करते रहे।












Click it and Unblock the Notifications