'संविधान की रक्षा के लिए गोली चली', अयोध्या गोलीकांड को शिवपाल यादव ने ठहराया सही
Shivpal yadav On Ayodhya Firing: पूरा देश अयोध्या में हो रही राम भगवान की प्राण प्रतिष्ठा को उत्सव के रूप में मना रहा है। 16 जनवरी से शुरू हुए धार्मिक कार्यक्रमों के तहत गुरुवार को अयोध्या राम मंदिर के गर्भगृह में रामलला की मूर्ति विधि विधान के साथ स्थापित कर दी गई है।
अब 22 जनवरी को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होगी। लेकिन इससे पहले एक बार फिर अयोध्या में कारसेवकों पर हुए गोलीकांड को सही ठहराया गया है। राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के बीच समाजवादी पार्टी के नेता शिवपाल यादव ने कहा कि कारसेवकों पर गोली चलाना सही कदम था।

शिवपाल यादव ने घटना को ठहराया सही
यूपी की सियासत में कारसेवकों पर मुलायम सरकार के दौरान 1990 में हुई फायरिंग की घटना पर बहस छिड़ गई है। ऐसे में सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य के बयान के बाद अब शिवपाल यादव ने भी गोली चलाने की घटना को जायज बताया है।
कोर्ट के आदेशों की हुई थी पालना
दिवंगत मुलायम सिंह यादव के भाई और सपा प्रमुख अखिलेश यादव के चाचा शिवपाल यादव ने इटावा में कारसेवकों पर गोली चलाने को जायज ठहराया है। मीडिया से बात करते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि उस वक्त संविधान की रक्षा के लिए गोली चलाई गई थी, तब कोर्ट ने यथास्थिति बनाए रखने के आदेश दिए थे।
ये जरूरी कदम था- शिवपाल
उन्होंने अयोध्या में 1990 में कारसेवकों पर हुई फायरिंग की घटना को सही ठहराते हुए कहा कि लॉ एंड ऑर्डर मेंटेन रखने के लिए ये जरूरी कदम था। गौरतलब है कि अयोध्या में पुलिस की फायरिंग में राम मंदिर आंदोलन से जुड़े कई कारसेवकों की जान चली गई थी। उस वक्त उत्तर प्रदेश में मुलायम सिंह यादव की पार्टी समाजवादी की सरकार थी।
वहीं राम मंदिर के दर्शन करने को लेकर शिवपाल यादव ने कहा कि भगवान राम-कृष्ण में उनकी आस्था है और वे भाजपा के राजनीतिक कार्यक्रम के बाद अयोध्या जाएंगे और रामलला के दर्शन करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications