CMO ऑफिस की AC में 5 फीट लंबे सांप ने बना लिया था 'घर', देखकर कर्मचारियों की हालत हुई खराब
नई दिल्ली, 6 मई: पहले सांप सिर्फ जंगलों में पाए जाते थे, लेकिन वहां पर इंसानों का दखल बढ़ती चली गई। इस वजह से अब सांपों की सभी प्रजातियां रिहायशी इलाकों में पाई जाती हैं। अब उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां सांप ऐसी जगह पर मिला कि प्रशासनिक अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए। हालांकि उसने किसी को नुकसान नहीं पहुंचाया और उसे सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया।

एसी के पास दिखी हलचल
दरअसल हरदोई शहर से थोड़ी दूरी पर सीएमओ का ऑफिस बनाया गया है। वहां पर छत से थोड़े नीचे एक स्प्लिट एसी भी लगा है। हाल ही में जब स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी कमरे में पहुंचे तो उनको एसी के पास कुछ हलचल दिखी। जब उन्होंने उसका ऊपरी हिस्सा हटाकर देखा तो सबके होश उड़ गए। एसी के अंदर एक जहरीला सांप था, जिसकी लंबाई 5 फीट से ज्यादा थी।

कूड़ेदान में पकड़ा गया
सांप को देखने से लग रहा था, जैसे उसने एसी के अंदर ही अपना घर बना लिया हो। आनन-फानन में वन विभाग और स्थानीय सपेरों को मौके पर बुलाया गया। सांप ऐसी जगह पर था कि उसे देखकर ही सबकी हालत खराब हो रही थी। किसी तरह से एसी का ऊपरी हिस्सा हटाकर सांप को निकाला गया और फिर उसे कूड़ेदान में पकड़ा गया। बाद में वन विभाग ने सांप को जंगल में छोड़ दिया, लेकिन वो रेस्क्यू के वक्त हल्का घायल हो गया था।

इस वजह से आवासीय जगहों पर जाते हैं सांप
जीव वैज्ञानिकों के मुताबिक सांप आमतौर पर जमीन के अंदर बिल में रहते हैं। वहां पर ठंड तो बीत जाती है, लेकिन जब तापमान ज्यादा हो जाता है, तो बिल के अंदर रहना मुश्किल हो जाता है। इसके अलावा बारिश की वजह से उसमें पानी भी भर जाता है। इसी वजह से सांप मार्च से लेकर अक्टूबर तक आवासीय इलाकों की ओर रुख करते हैं। सीएमओ दफ्तर में एसी सबसे ज्यादा ठंडी जगह थी, जिस वजह से सांप ने उसे अपना अड्डा बना लिया था।












Click it and Unblock the Notifications