जिसकी दुकान से 2 लाख के आईफोन खरीदे, उसी ने कर लिया किडनैप
मेरठ। यूपी के मेरठ में कंकरखेड़ा में हुए व्यापारी के बेटे के अपहरण कांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन अपहरण कर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है और इस दौरान लूटे गए दो आईफोन, पिस्टल, कारतूस, घटना में प्रयुक्त होंडा सिटी कार और मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

अपहर्ताओं के चंगुल से बच निकला
दरसअल, कंकरखेड़ा थाना इलाके में दो दिन पूर्व उस वक्त हड़कंप मच गया था जब पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि प्रॉपर्टी डीलर मुकेश मित्तल के बेटे का किडनैप हो गया है। हलांकि घटना के कुछ घंटों बाद ही छात्र अपहरणकर्ताओं के चंगुल से बच निकला था और घर आकर घटना की जानकारी परिजनों को दी। परिजनों ने पुलिस में अपहरण के बाद लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रूपम से अपहरणकर्ताओं से दोनों आईफोन लूट लिए थे।

आईफोन की खरीद के बाद अपहरण
पुलिस ने खुलासा करते हुए बताया कि मोबाइल स्टोर मालिक विपुल ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर रूपम की किडनैप की योजना बनाई और और तीनों ने होंडा सिटी कार चोरी की। योजना के तहत आरोपियों ने 30 तारीख को रूपम को गन पॉइंट पर लेकर उस वक्त किडनैप कर लिया जब वो कोचिंग जाने के लिए सरधना फ्लाईओवर के पास पंहुचा था। रूपम का किडनैप कर आरोपी उसे डिग्गी में डालकर जंगल की ओर ले जाने लगे कि जैसे ही गाड़ी की रफ्तार थोड़ी धीमी हुई तभी रूपम ने किसी तरह डिग्गी खोल दी और निकल कर एक फार्म हाउस में आ गया।

50 लाख की फिरौती के लिए किया क्राइम
रूपम ने अपने परिजनों की इस बाबत जानकारी दी और थाने जाकर रिपोर्ट लिखाई। बदमाशों ने 50 लाख की फिरौती मांगने के लिए ये रूपम का किडनैप किया था लेकिन सफल नहीं हो पाये। इस पूरे घटनाक्रम में सबसे अहम बात यह है कि पंद्रह दिन पहले रूपम ने विपुल की मोबाइल शॉप से दो लाख रूपये के दो आईफोन खरीदे थे जिसके बाद से शॉप कीपर विपुल ने पैसे ऐंठने के लिए रूपम के अपहरण का प्लान बनाया। विपुल मोबाइल स्टोर के आलावा मेरठ कॉलेज से एमए की पढ़ाई भी कर रहा है।

सर्विलांस पर लगाकर पुलिस ने पकड़ा
पुलिस ने मामले में कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए सर्विलांस और लूटे गए आई फोन्स को ट्रेस किये और कंकर खेड़ा क्षेत्र खिर्वा कट चौराहे मुठभेड़ के बाद विपुल (मोबाइल स्टोर मालिक), विनय और राहुल नाम के तीनो आरोपियों को लूटे गए सामान के साथ गिरफ्तार कर लिया और इस तरह इस घटना का सफल अनावरण किया ।












Click it and Unblock the Notifications