अखिलेश के साथ विवाद के दौरान जब शिवपाल ने कहा, 'हेलिकॉप्टर क्या तेरे बाप का है'
अखिलेश समर्थक को दिया शिवपाल ने जवाब। नहीं सुलझ सका है चाचा-भतीजा का झगड़ा।
लखनऊ। सोमवार को समाजवादी मंच पर हाई वोल्टेज ड्रामे के दौरान मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से उनके चाचा शिवपाल यादव ने माइक छीन लिया।
उस बीच एक कार्यकर्ता ने जब शिवपाल से अखिलेश सरकार के हेलिकॉप्टर का इस्तेमाल करने पर सवाल पूछा तो उन्होंने जवाब में कहा, 'हेलिकॉप्टर क्या तेरे बाप का है।'

मंच पर अखिलेश और शिवपाल के बीच नोकझोंक
मुलायम सिंह यादव मंच पर मौजूद थे और शिवपाल-अखिलेश के बीच सुलह कराने के लिए यह सभा आयोजित की गई थी। शिवपाल और अखिलेश के समर्थक भारी संख्या में सभा में थे।
अखिलेश ने मंच से इस राजनीतिक झगड़े पर अपनी बात कहनी शुरू की। इसी दौरान शिवपाल ने उनसे माइक छीनकर खुद बोलना शुरू कर दिया और अखिलेश को झूठा बताया।
शिवपाल मंच से यह कहने लगे कि किस तरह से उन्होंने पार्टी को एकजुट करने के लिए मेहनत किया है और राज्य में पार्टी के कैडर को मजबूत करने के लिए जगह-जगह गए।
तभी एक कार्यकर्ता ने उन पर सवाल दागा कि जगह-जगह जाने के लिए उन्होंने सरकारी हेलिकॉप्टर का इस्तेमाल किया और अखिलेश यादव की वजह से उनको यह सुविधा मिली हुई थी।
शिवपाल ने कार्यकर्ता को दिया जवाब
शिवपाल ने पलटकर कार्यकर्ता को जवाब दिया, 'हेलिकॉप्टर क्या तेरे बाप का है? मैं सरकार में मंत्री था।'
शिवपाल और अखिलेश के बीच रार जारी
समाजवादी मंच पर शिवपाल और अखिलेश के बीच झगड़ा सुलझ नहीं पाया। पार्टी मुखिया मुलायम सिंह यादव इस महाभारत का हल निकालने में जुटे हुए हैं।
पिछले महीने से शुरू हुआ शिवपाल-अखिलेश वार
सितंबर महीने में जब सीएम अखिलेश यादव ने शिवपाल यादव से कई मंत्रालय छीन लिए थे तब दोनों के बीच वर्चस्व की लड़ाई शुरू हुई थी। उस समय दोनों के बीच मुलायम ने सुलह कराने में कामयाबी हासिल की थी।
शिवपाल को मंत्रालय लौटा दिया गया था। लेकिन रविवार को बड़ा कदम उठाते हुए अखिलेश ने शिवपाल को मंत्री पद से बर्खास्त कर दिया। अखिलेश ने अमर सिंह को फसाद की जड़ बताया है।












Click it and Unblock the Notifications