आजम खान के साथ 'नया मोर्चा' बनाने के शिवपाल ने दिए संकेत, ईद के बाद लिया जाएगा फैसला
आजम खान के साथ 'नया मोर्चा' बनाने के शिवपाल ने दिए संकेत, ईद के बाद लिया जाएगा फैसला
लखनऊ, 30 अप्रैल: समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता व रामपुर से विधायक आजम खान इस समय यूपी की सियासत के केंद्र में हैं। आजम खान को ओवैसी से लेकर जंयत और शिवपाल सिंह यादव से लेकर कांग्रेस व भाजपा तक सब उन्हें लुभाने में जुटी हुई हैं। दरअसल, शिवपाल को समाजवादी पार्टी से तवज्जो नहीं मिलने पर आजम खान के साथ उनकी नजदीकियां बढ़ती दिखाई दे रही है। इसी क्रम में शिवपाल सिंह यादव कुछ दिनों पहले सीतापुर जेल जाकर आजम खान से मुलाकात भी की थी। तो वहीं, अब शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि आजम के जेल से बाहर आने के बाद एक नया मोर्चा बनाने पर विचार करेंगे।
Recommended Video

आजम के सर्थक अखिलेश से नाराज
प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव के इस ऐलान के बाद समाजवादी पार्टी में हलचल तेज होने लगी है। वहीं, पिछले काफी लंबे वक्त से आजम खान भी जेल में बंद है। आजम के जेल में बंद होने से उनके समर्थक अखिलेश यादव पर तरह-तरह के आरोप लगा पार्टी से इस्तीफा भी दे रहे है। तो वहीं, शिवपाल सिंह यादव भी भतीजे अखिलेश से नाराज चल रहे है। ऐसे में दोनों नेता की मुलाकात उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर से नए संकेत देती दिखाई दे रही है। राजनीतिक गलियारों में ऐसी चर्चा है कि 2024 लोकसभा चुनाव के दौरान नया मोर्चा आकार ले सकता है। इस मोर्चे में कई सारे और छोटे दल भी शामिल हो सकते हैं।

आजम खान के लिए सही तरीके से नहीं उठाई आवाज
बता दें कि शिवपाल सिंह यादव शुक्रवार 29 अप्रैल को फर्रुखाबाद जिले के कमालगंज क्षेत्र में भोजपुर कन्हैया के पास आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान शिवपाल सिंह यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि वह आजम खान के जेल से बाहर आने के साथ एक नया मोर्चा बनाने पर विचार करेंगे। उन्होंने कहा कि आजम खान की रिहाई के लिए सपा ने सही तरीके से आवाज ही नहीं उठाई। सभी जानते हैं कि पीएम नरेंद्र मोदी नेताजी का बहुत सम्मान करते हैं। यदि आजम खान की मदद के लिए नेताजी के नेतृत्व में लोकसभा के सामने धरना दिया जाता, तो प्रधानमंत्री उनकी बात जरूर सुनते व मानते।

आजम खान के साथ हो रहा है जुल्म: शिवपाल
शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि आजम खान के साथ जुल्म हो रहा है। उनकी यूनिवर्सिटी ध्वस्त कर दी गई। वह 10वीं बार विधानसभा के सदस्य हैं। संसद व राज्यसभा में भी रहे हैं। हम उनके साथ हैं। हम बार-बार कह रहे कि नेताजी की नेतृत्व में उनकी मदद होनी चाहिए थी, लेकिन उनके लिए जो धरना-प्रदर्शन, आंदोलन होना चाहिए था, वह सपा की ओर से नहीं हुआ।

ईद के बाद इस मुद्दे पर होगी बात
आजम खान को लेकर शिवपाल ने कहा कि रामपुर विधायक को 'छोटे मामलों' में परेशान किया जा रहा है। इस दौरान शिवपाल सिंह यादव ने आजम खान के साथ नया मोर्चा को लेकर कहा कि, 'इसे लेकर सही समय पर फैसला लिया जाएगा... जब वह जेल से बाहर आ जाएंगे।' उन्होंने कहा कि वह ईद के बाद पार्टी नेताओं से इस मुद्दे पर बात करेंगे। इधर, सुप्रीम कोर्ट में 2 मई को खान की जमानत याचिका पेश हो सकती है।

इन नेताओं के साथ मिलकर तैयार हो सकता है नया मोर्चा
ऐसे में संभावनाएं जताई जा रही हैं कि आजम खान, शिवपाल सिंह यादव, बाबू सिंह कुशवाहा, दद्दू प्रसाद, चंद्रशेखर आजाद समेत तमाम क्षेत्रीय नेता मिलकर एक मोर्चा तैयार कर सकते हैं। इसमें आम आदमी पार्टी के मिलने की भी संभावनाएं जताई जा रही हैं। ये सभी दल मिलकर एक नए समीकरण को तैयार कर सकते हैं। इस समीकरण के जरिये प्रदेश की जनता के लिए एक अलग विकल्प के रूप में खुद को प्रस्तुत करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications