मथुरा स्टेशन पर ट्रेन हादसे का शिकार, प्लेटफॉर्म पर चढ़ी EMU, बाल-बाल बचे यात्री
उत्तर प्रदेश के मथुरा जंक्शन पर मंगलवार रात एक बड़ा हादसा हुआ, जहां एक लोकल ट्रेन (ईएमयू) अनियंत्रित होकर प्लेटफॉर्म पर चढ़ गई। घटना में कुछ लोगों के मामूली रूप से घायल होने की खबर है। फिलहाल रेलवे ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक शकूरबस्ती से EMU ट्रेन आ रही थी। जब वो प्लेटफॉर्म के पास पहुंची, तो अचानक से वो उस पर चढ़ गई। जिससे वहां पर भगदड़ मच गई। एक बच्चा ट्रेन के नीचे आया था, जिसे बचा लिया गया। घटना में कुछ लोगों के घायल होने की खबर है।

घटना की जानकारी मिलते ही कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। मामले में रेलवे स्टेशन निदेशक एस.के. श्रीवास्तव ने कहा कि ट्रेन शकूरबस्ती से आ रही थी। ये रात को 10:49 पर आई थी, सभी यात्री ट्रेन से उतर गए थे। ट्रेन प्लेटफॉर्म पर कैसे चढ़ी, इसकी जांच की जा रही है। इस हादसे से अप लाइन की कुछ गाड़ियां प्रभावित हुई हैं।
मामले में एक चश्मदीद ने बताया ट्रेन प्लेटफॉर्म पर थी। तभी उसकी स्पीड बढ़ी और वो प्लेटफॉर्म पर चढ़ गई। उसके सामने ओएचआई लाइन का खंभा आ गया। जिससे ट्रेन रुक गई वर्ना वो और आगे तक जाती। वहीं प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की संख्या कम थी, ऐसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
8 साल का बच्चा ट्रेन के नीचे आ गया था। हालांकि उसको चोट नहीं लगी। कुछ ही देर में वो वहां से भाग गया। उसको आरपीएफ, जीआरपी के जवान और रेलवे कर्मचारी काफी देर तक खोजते रहे, लेकिन वो नहीं मिला। बाद में पता चला कि वो सुरक्षित है।
कई गाड़ियां दिल्ली की ओर रुकीं
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक मालवा सुपरफास्ट, अमृतसर-बांद्रा टर्मिनस समेत कई ट्रेने प्रभावित हुई हैं। कुछ ट्रेनों को दिल्ली की ओर रोका गया है। रेलवे अधिकारी हालात का जायजा ले रहे। साथ ही यातायात को सामान्य करने की कोशिश की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications