रिवॉल्वर और राइफल, 51 लाख की कार! कितनी संपत्ति के मालिक हैं SP नेता आजम खान, कितना है कैश और बैंक बैलेंस?
Azam Khan Net Worth: समाजवादी पार्टी के दिग्गज नेता आजम खान आज सीतापुर जेल से बाहर आ गए हैं। लगभग 23 महीनों तक जेल में बंद रहने के बाद उनकी रिहाई ने उत्तर प्रदेश की सियासत में नई हलचल पैदा कर दी है। रिहाई के बाद आजम खान रामपुर के लिए रवाना हो गए हैं।
इन तमाम कानूनी और राजनीतिक उतार-चढ़ावों के बीच, आजम खान की नेटवर्थ और उनकी संपत्ति का ब्योरा एक बार फिर चर्चा में आ गया है। आइए, जानते हैं कि इन सालों में उनकी आय और संपत्ति का लेखा-जोखा क्या कहता है।

आजम खान के कानूनी मामलों का सिलसिला
आजम खान के खिलाफ कानूनी शिकंजा फरवरी 2020 में शुरू हुआ था, जब उन्हें अपने बेटे अब्दुल्ला आजम के फर्जी जन्म प्रमाण पत्र मामले में जेल जाना पड़ा। इसके बाद उनके खिलाफ जमीन हड़पने, धोखाधड़ी, बकरी चोरी और अन्य कई मामलों में 80 से अधिक केस दर्ज किए गए।
उन्हें मई 2022 में सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिली थी, जिसके बाद वे जेल से बाहर आए थे। हालांकि, यह राहत ज्यादा दिन नहीं चली और अक्टूबर 2023 में उन्हें, उनकी पत्नी तंजीन फातिमा और बेटे अब्दुल्ला आजम को सात साल की सजा सुनाई गई, जिसके बाद उन्हें फिर से जेल जाना पड़ा।
इन सब कानूनी लड़ाइयों के बीच, समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने खुले तौर पर बीजेपी पर 'राजनीतिक बदले' की भावना से आजम खान को फंसाने का आरोप लगाया है। यह भी कहा जाता है कि आजम खान और सपा नेतृत्व के बीच कुछ मतभेद हैं, लेकिन अखिलेश यादव ने समय-समय पर उनसे मुलाकात की थी।
आजम खान के बेटे अब्दुल्ला आजम इस साल फरवरी में और उनकी पत्नी तंजीन फातिमा पिछले साल मई में जेल से रिहा हो चुकी हैं। इन तमाम कानूनी पचड़ों के बावजूद, आजम खान रामपुर और आसपास के क्षेत्रों में मुस्लिम मतदाताओं पर अपनी मजबूत पकड़ बनाए हुए हैं।
आजम खान की नेटवर्थ और आय: एक नजर
राजनीतिक और कानूनी संघर्ष के बीच आजम खान की संपत्ति का ब्योरा भी समय-समय पर सामने आता रहा है। 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान दाखिल किए गए उनके हलफनामे (एफिडेविट) के अनुसार, उनकी कुल संपत्ति 1,49,54,281 रुपये थी। यह आंकड़े उनके राजनीतिक जीवन में आए आर्थिक उतार-चढ़ाव को दर्शाते हैं।
पिछले 5 वित्तीय वर्षों में आजम खान की आय
उनके एफिडेविट के अनुसार, पिछले पांच वित्तीय वर्षों में उनकी वार्षिक आय इस प्रकार रही है:
- 2020-21: 10,12,730 रुपये
- 2019-20: 3,79,250 रुपये
- 2018-19: 5,80,190 रुपये
- 2017-18: 5,76,950 रुपये
- 2016-17: 16,27,930 रुपये
इन आंकड़ों में उतार-चढ़ाव उनके कानूनी मामलों और राजनीतिक स्थिति से प्रभावित हो सकता है।
नकदी और बैंक बैलेंस का ब्योरा
2022 के चुनाव हलफनामे के मुताबिक, आजम खान के पास उस समय 12,350 रुपये की नकदी थी, जबकि उनकी पत्नी तंजीन फातिमा के पास 23,100 रुपये थे। बैंक में जमा राशि की बात करें तो, उनके विभिन्न बैंक खातों में कुल मिलाकर 9,621,923 रुपये जमा थे, जिसमें SBI और OBC बैंक के अकाउंट्स शामिल थे।
इसके अलावा, आजम खान के पास 30,000 रुपये की एक रिवॉल्वर और 20,000 रुपये की एक बोर राइफल भी है, जिसकी जानकारी उन्होंने अपने एफिडेविट में दी थी। एफिडेबिट के अनुसार, 2022 के चुनाव के समय आजम के पास वॉल्वो S90D मॉडल की लग्जरी कार थी, जिसकी कीमत 51 लाख 90 हजार रुपये है।












Click it and Unblock the Notifications