चार माह बाद मायके से ससुराल लौटी विवाहिता तो हुआ जमकर पथराव
सहारनपुर। मायके वालों के साथ ससुराल पहुंची विवाहिता के घर में घुसने पर ससुरालियों ने विरोध किया। इसको लेकर पथराव हो गया। पथराव की सूचना पर सीओ और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे और दोनों तरफ के 10 लोगों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आए। खबर लिखे जाने तक इस मामले में कोई कार्रवाई अभी तक नहीं हो सकी थी।

रुड़की की शिवपुरम निवासी प्रीति शर्मा की शादी डेढ़ साल पहले कोतवाली बेहट क्षेत्र के गांव बाबैल बुजुर्ग निवासी दीपक शर्मा के साथ हुई थी। दोनों में पिछले चार माह से विवाद चल रहा है, जिसके चलते प्रीति चार महीने से अपने मायके में रह रही थी। उनका आठ महीने का बच्चा भी है। दोपहर करीब एक बजे प्रीति अपने पिता नरेंद्र शर्मा और अन्य परिजनों के साथ बाबैल बुजुर्ग अपने ससुराल पहुंची। जैसे ही वह घर में घुसी तो ससुरालियों ने विरोध किया। इसको लेकर पथराव हो गया। सूचना पर सीओ ब्रह्मपाल सिंह एवं इंस्पेक्टर छोटे सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस दोनों तरफ के दस लोगों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई। प्रीति का आरोप है, कि उसकी ससुराल पक्ष के लोगों ने उन पर पथराव किया। उसके पति के एक रिश्तेदार ने उन पर फायरिंग भी की। उसने और उसके परिजनों ने अपने आप को कमरे में बंद कर जान बचाई। प्रीति का कहना है कि उसने 100 नंबर पर फोन किया, तो मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों को उसकी ससुराल पक्ष के लोगों ने कमरे में बंद कर लिया। इस पर उसने कोतवाली में फोन किया। प्रीति ने बताया कि उसके पति ने तलाक का केस कोर्ट में दायर कर रखा है, जो विचाराधीन है, जबकि वह अपने पति के साथ रहना चाहती है। ससुराल के लोग उसे घर में नहीं घुसने देते। ऐसे में वह अपने आठ माह के मासूम बच्चे को लेकर कहां जाए। उधर, सीओ ब्रह्मपाल सिंह का कहना है, कि दोनों दोनों पक्षों के 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस की तरफ से रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications