हाईवे पर दुर्घटना के बाद कांवड़ियों का बवाल, पुलिस चौकी में लगा दी आग
तीन कांवड़ियों की मौत की अफवाह सुनकर इलाहाबाद-वाराणसी हाइवे पर आज कांवड़ियों ने जमकर उत्पात मचाया। गुस्साए कांवड़ियों ने हंडिया थाने की बरौत पुलिस चौकी में आग लगा दी।
इलाहाबाद। तीन कांवड़ियों की मौत की अफवाह सुनकर इलाहाबाद-वाराणसी हाइवे पर आज कांवड़ियों ने जमकर उत्पात मचाया। गुस्साए कांवड़ियों ने हंडिया थाने की बरौत पुलिस चौकी में आग लगा दी साथ ही जिस कार ने कांवड़ियों को टक्कर मारी थी उसे भी आग के हवाले कर दिया। इस दौरान हाइवे से गुजर रही अन्य बसों और गाड़ियों पर भी कावड़ियों ने पथराव किए जिससे कई बसें क्षतिग्रस्त हो गई। हर तरफ चीख पुकार मच गई ।

डीएम, एसपी ने मिलकर कांवड़ियों को समझाया
सूचना पर भारी संख्या में फोर्स मौके पर पहुंची। एसपी गंगापार सुनील कुमार सिंह मय, डीएम संजय कुमार, एसएसपी आनंद कुलकर्णी भी फोर्स लेकर घटना स्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मोर्चा संभाल और लगातार बढ़ रहे कांवड़ियों के जत्थे को समझाया गया कि किसी की मौत नहीं हुई है। तब जाकर कांवड़ियों का गुस्सा शांत हुआ। सुबह से शुरू हुआ यह बवाल करीब 4 घंटे तक जीटी रोड से हाइवे तक चलता रहा। सोशल मीडिया पर भी कांवड़ियों की मौत की खबर फैल गई जिससे हालात और ज्यादा बिगड़ गये। मौके पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंचने के बाद आग बुझाई गई। इस उपद्रव में पथराव से आधा दर्जन पुलिस वालों को भी चोटें आई हैं।

कैसे क्या हुआ
इलाहाबाद के हंडिया थाना क्षेत्र में बरौत पुलिस चौकी के पास सुबह सवा 6 बजे के लगभग एक कार ने तीन कांवड़ियों को टक्कर मार दी। घायलों को इलाज के लिये अस्पताल ले जाया गया। इसी बीच अफवाह फैली की एक घायल कांवड़ की मौत हो गई। खबर सुनकर कांवड़िए आक्रोशित हो उठे और तोड़फोड़ के साथ बवाल शुरू हो गया। इस दौरान हाइवे पर घंटो लंबा लगा रहा।

चौकी में नहीं था कोई पुलिसकर्मी
आक्रोशित कांवड़ियों ने बरौत पुलिस चौकी में आग लगा दी साथ ही जिस कार से हादसा हुआ था। उसे भी फूंक दिया गया। बताया जाता है चौकी पर कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। इस दौरान पर हाइवे पर घंटों लंबा जाम लगा रहा।

क्या बोले एसपी
एसपी गंगापार सुनील सिंह ने बताया कि पूरे रूट पर चाक-चौबंद व्यवस्था है। चूक कैसे हुई जो दुर्घटना हुई इसकी जांच की जा रही है। किसी कांवड़िया की मौत नहीं हुई है। 3 कांवड़िये घायल हुए थे। जिन्हे अस्पताल में भर्ती कराया गया है । उनके परिजन भी आ गये हैं। आक्रोशित लोगों ने वाहनों में तोड़फोड़ की है। पुलिस चौकी में खड़े वाहन में आग लगाई है। लेकिन अब स्थिति पूरी तरह से सामान्य है। कांवड़ यात्रा फिर से सामान्य रूप से संचालित हो रही है। लोग अफवाहों पर ध्यान न दे। अफवाह फैलाने वालों को चिन्हित किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications