जो राजीव गांधी भी नहीं कर पाए, 26 साल बाद वो करने जा रहे हैं राहुल गांधी
लखनऊ। मिशन यूपी को कामयाब बनाने में जुटे कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी किसान यात्रा के दौरान अयोध्या का दौरा भी करेंगे। 1992 में बाबरी मस्जिद विध्वंस के बाद अयोध्या जाने वाले वह गांधी परिवार के पहले सदस्य होंगे। इसके पहले राहुल गांधी के पिता और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी अयोध्या गए थे।

राहुल गांधी शुक्रवार को अयोध्या के हनुमान गढ़ी मंदिर जाकर पूजा-अर्चना करेंगे। 1990 में 'सद्भावना यात्रा' के दौरान राजीव गांधी भी हनुमान गढ़ी जाने वाले थे, लेकिन बिजी शेड्यूल की वजह से वह वहां नहीं जा पाए। हालांकि उस वक्त राजीव गांधी अयोध्या जरूर गए थे। हनुमान गढ़ी, विवादित ढांचे से कुछ किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। अब 26 साल बाद अब राहुल गांधी उस जगह पर जा रहे हैं, जहां राजीव गांधी नहीं जा सके।
शाम को दरगाह भी जाएंगे राहुल
किसान यात्रा के दौरान राहुल गांधी वोट बैंक को ध्यान में रखकर आगे बढ़ रहे हैं। सुबह मंदिर में दर्शन के बाद राहुल गांधी शाम को अंबेडकर नगर जिले में किचौचा शरीफ दरगाह पर भी जाएंगे।
राजीव गांधी से पहले इंदिरा गई थीं अयोध्या
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी बीते चुनावों में कई बार फैजाबाद के दौरे पर गईं लेकिन बाबरी विध्वंस के बाद वह कभी अयोध्या नहीं गईं। एक कांग्रेस नेता ने बताया कि राजीव गांधी से पहले 1960 में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी भी अयोध्या गई थीं। यहां उन्होंने सरयू नदी पर हो रहे विकास कार्यों का शुभारंभ किया था।
रोड शो करेंगे राहुल गांधी
शुक्रवार को अंबेडकर नगर के लिए रवाना होने से पहले राहुल गांधी फैजाबाद में रोड शो करेंगे। इसके बाद अगले दिन शनिवार को वह आजमगढ़ में होंगे। यह सपा का गढ़ माना जाता है।












Click it and Unblock the Notifications