हाथरस की रैली में राहुल बोले, मेरे सवाल पर एक शब्द नहीं बोले पीएम
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने हाथरस में रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर बोला हमला, बोलें किसानों के लिए प्रधानमंत्री ने कुछ भी नहीं किया।
हाथरस। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने हाथरस में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों पर तरस नहीं खाया और उनका कर्ज माफ नहीं किया, अब समय आ गया है कि उत्तर प्रदेश की जनता उन्हें जवाब दें। राहुल गांधी ने कहा कि जिन लोगों का प्रधानमंत्री ने कर्ज माफ किया है वह मुंबई में रहते हैं, बड़ी-बड़ी गाड़ियों से घूमते हैं, प्राइवेट जेट से घूमते हैं, इन लोगों का प्रधानमंत्री मोदी ने कर्जा माफ किया है।

किसानों के मुद्दे को उठाते हुए राहुल गांधी ने कहा कि मैं मोदी जी के पास गया था और उनसे कहा था कि मोदीजी हिंदुस्तान का किसान त्रस्त है, रो रहा है, दबा-कुचला महसूस कर रहा है। जैसे आपने सुट बूट वालों का कर्ज माफ किया है वैसे ही आप इनपर तरस खाइए और उनका कर्ज माफ करिए। लेकिन जब मैंने प्रधानमंत्री से जवाब मांगा तो वह शांत होकर मेरी तरफ देखते रहे, लेकिन एक शब्द भी नहीं बोला। किसानों के मुद्दे पर उनके मुंह से एक भी शब्द नहीं निकला और मुझे जवाब तक नहीं दिया, ऐसे में अब समय है कि उत्तर प्रदेश की जनता उन्हे जवाब दे।
राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश के चंद लोगों का 1.10 लाख करोड़ रुपए का कर्ज माफ किया, और नोटबंदी के जरिए उन्होंने जो पैसा जमा कराया है वह इन्हीं लोगों को छह लाख करोड़ रुपए का कर्ज देने के लिए किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अपने गिने-चुने उद्योगपतियों और कारोबारियों की मदद के लिए यह सब कर रहे हैं और उन्हें किसानों की पीड़ा से कुछ लेना-देना नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications